ऊधम सिंह नगर में गुरुवार को स्वास्थ्य और विकास से जुड़ी दो महत्वपूर्ण गतिविधियां चर्चा में रहीं। एक ओर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत छह लाख से अधिक बच्चों को एल्बेंडाजोल दवा खिलाने के अभियान का शुभारंभ किया गया, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत चल रहे सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को बारिश से पहले सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ, 6 लाख से अधिक बच्चों को खिलाई जाएगी दवा
रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में बच्चों को कुपोषण मुक्त और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने राजकीय कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय, गांधी कॉलोनी रुद्रपुर में स्कूली बच्चों को कृमिनाशक एल्बेंडाजोल की दवा खिलाकर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पेट के कीड़ों से मुक्ति बेहद जरूरी है। कृमि संक्रमण से बच्चों में एनीमिया के साथ उनकी सीखने की क्षमता भी प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के समन्वय से जनपद के शत-प्रतिशत बच्चों तक दवा पहुंचाई जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. केके अग्रवाल ने बताया कि अभियान के तहत जनपद के सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से 1 से 19 वर्ष तक के 6,03,960 बच्चों को दवा खिलाई जाएगी। जो बच्चे गुरुवार को दवा नहीं ले पाए, उन्हें 14 मई को आयोजित मॉप-अप डे पर दवा दी जाएगी।
सीएम घोषणाओं के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, बारिश से पहले पूरे हों निर्माण कार्य।
रुद्रपुर। विधानसभा रुद्रपुर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई घोषणाओं की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिला सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने त्रिशूल चौक से आवास विकास तक सड़क चौड़ीकरण कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।
जिलाधिकारी ने जल संस्थान और विद्युत विभाग को डीडी चौक से काशीपुर बाइपास तथा मेडिकल कॉलेज तक पानी और बिजली की लाइनों को जल्द शिफ्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में विधायक शिव अरोरा और महापौर विकास शर्मा ने वर्षाकाल से पूर्व सभी निर्माण कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़कों को अनावश्यक रूप से खोदकर न छोड़ा जाए ताकि जनता को परेशानी न हो।
