खबरें शेयर करें -

 

बिहार के पश्चिमी चंपारण से कड़ी सुरक्षा के बीच हल्द्वानी पहुंची उत्तराखंड में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के रणबांकुरों की किस्मत का फैसला करने वाली 700 वीवीपैट और 1000 सीयू !

हल्द्वानी। उत्तराखंड विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के बीच चुनावी रण में उतरने वाले दावेदारों की किस्मत तय करने वाली 700 वीवीपैट (VVPAT) और 1000 कंट्रोल यूनिट (CU) शनिवार को हल्द्वानी पहुंच गईं। बिहार के पश्चिमी चंपारण से कड़ी सुरक्षा और भारत निर्वाचन आयोग के तय प्रोटोकॉल के तहत लाई गई इन इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को हल्द्वानी स्थित ईवीएम वेयरहाउस में सुरक्षित रख दिया गया है।

जीपीएस युक्त वाहनों से लाई गई मशीनों की पूरी यात्रा के दौरान ट्रैकिंग की गई। जिले में पहुंचने के बाद सभी मशीनों का इलेक्ट्रॉनिक पंजीकरण, स्कैनिंग और सत्यापन आयोग के मानकों के अनुरूप पूरा किया गया। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मशीनों को वेयरहाउस में सुरक्षित रखा गया, जबकि वेयरहाउस की चाबियां कोषागार में नियमानुसार सुरक्षित जमा करा दी गई हैं।

अब ये मशीनें शांत हैं, लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव में इन्हीं वीवीपैट और कंट्रोल यूनिट के जरिए प्रदेश के चुनावी रणबांकुरों की किस्मत का फैसला होगा। सत्ता किसके हाथ जाएगी और किसे हार का सामना करना पड़ेगा, इसका फैसला फिलहाल हल्द्वानी के ईवीएम वेयरहाउस में सुरक्षित कैद हो चुका है।

 

उत्तराखंड