स्कूल जाते प्रधानाचार्य की चाकू से हत्या, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप।
राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा पर बीच रास्ते हुआ जानलेवा हमला, आरोपी फरार; पुलिस जांच में जुटी।
बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (56) की स्कूल जाते समय कथित रूप से चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना से शिक्षा विभाग में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
जानकारी के अनुसार, तहसील रोड निवासी दयानंद टम्टा शनिवार सुबह रोज की तरह विद्यालय के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में उन पर अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमला इतना ताबड़तोड़ था कि प्रधानाचार्य ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमले का आरोप हाल ही में राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के रूप में स्थानांतरित होकर आए नवल किशोर सोराड़ी, निवासी लमगड़ा (अल्मोड़ा), पर लगाया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी आरोपी की भूमिका और घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
प्रधानाचार्य की हत्या की खबर फैलते ही पूरे जिले में सनसनी फैल गई। शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या के पीछे के कारणों, दोनों पक्षों के संबंधों और घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की असल वजह सामने आने की संभावना है।
