खबरें शेयर करें -

मोटाहल्दू के प्राचीन शिव मंदिर में फिर चोरी, घंटा और राहगीर का मोबाइल-पर्स उड़ा!

हल्दूचौड़ पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, पुरानी चोरियों का भी नहीं हुआ खुलासा!

दर्पण न्यूज 24/7 मोटाहल्दू। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र की हल्दूचौड़ चौकी के अंतर्गत मोटाहल्दू  स्थित प्राचीन शिव मंदिर एक बार फिर चोरों के निशाने पर आ गया। मंगलवार देर रात अज्ञात चोर मंदिर का घंटा चोरी कर ले गए, वहीं मंदिर परिसर में विश्राम कर रहे राजस्थान के एक राहगीर का मोबाइल फोन और पर्स भी गायब हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

पीड़ित राहगीर के अनुसार वह मंदिर परिसर में रात को रुका हुआ था। देर रात करीब दो बजे से चार बजे के बीच किसी समय उसका मोबाइल और पर्स चोरी हो गया। सुबह जानकारी होने पर उसने तत्काल हल्दूचौड़ चौकी पुलिस को सूचना दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी मंदिर से पांच कलश चोरी होने, दानपात्र पर हाथ साफ किए जाने और अन्य चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके अब तक किसी भी बड़े मामले का खुलासा नहीं हो पाया है।

समाजसेवी विक्की पाठक ने कहा कि लगातार हो रही चोरियों से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उनका आरोप है कि मंदिर परिसर और आसपास सक्रिय असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने आशंका जताई कि नशे की लत से जुड़े तत्व इन घटनाओं में शामिल हो सकते हैं।

क्षेत्र में यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि नए चौकी प्रभारी की नियुक्ति के बाद भी चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। जिसके चलते नए चौकी प्रभारी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि जब पूर्व की चोरियों का खुलासा नहीं हो सका तो ताजा घटना में कार्रवाई को लेकर भी संदेह बना हुआ है।

अब निगाहें हल्दूचौड़ चौकी पुलिस के नव नियुक्त प्रभारी पर टिकी हैं कि क्या वह इस बार चोरों तक पहुंचकर घटना का पर्दाफाश कर पाएगी या यह मामला भी पुरानी फाइलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।