खबरें शेयर करें -

कैबिनेट मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में जर्जर स्कूल पर भड़का जनाक्रोश, मशाल जुलूस निकाल बोले अभिभावक—’पहले बच्चों की सुरक्षा’

सतबूंगा में नए विद्यालय भवन की मांग तेज, बच्चों को स्कूल न भेजने का लिया फैसला।

दर्पण न्यूज 24/7 भीमताल। हाल ही में उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री का दायित्व संभालने वाले राम सिंह कैड़ा के विधानसभा क्षेत्र में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय पाटा-खपराड़, सतबूंगा की जर्जर हालत को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया है। रविवार देर शाम अभिभावकों और ग्रामीणों ने मशाल जुलूस निकालकर शिक्षा विभाग और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के चलते विद्यालय भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें स्कूल नहीं भेजने का फैसला लिया है।

विद्यालय भवन के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। रविवार को मुख्य शिक्षाधिकारी आर.एस. नेगी भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि नए भवन का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है तथा बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए खंड शिक्षा अधिकारी को वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस दौरान कांग्रेस नेता गोपाल बिष्ट ने भी जर्जर विद्यालय भवनों के शीघ्र पुनर्निर्माण की मांग उठाते हुए कहा कि बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। उन्होंने सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व अब कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा कर रहे हैं, तो क्या नौनिहालों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मुद्दे का समाधान प्राथमिकता पर होगा? ग्रामीणों को अब मंत्री से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद है।

उत्तराखंड