स्कूल संचालक की स्कॉर्पियो बनी चार युवकों की मौत का कारण! हादसे के बाद जांच के घेरे में पूरा घटनाक्रम!
हल्द्वानी। तीनपानी-लालकुआं बाईपास फ्लाईओवर पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे की जांच अब उस स्कॉर्पियो और उसमें सवार लोगों के इर्द-गिर्द केंद्रित हो गई है, जिसकी चपेट में आने से चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे के समय स्कॉर्पियो में ज्योलीकोट स्थित एक कॉन्वेंट स्कूल के संचालक डॉ. संजय सिंह मौजूद थे, जबकि वाहन उनका चालक चला रहा था।
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद चालक और स्कूल संचालक दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। वाहन को कब्जे में लेकर उसके साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे में गोरापड़ाव निवासी राहुल राजपूत (17), शिवम (25), आदित्य टम्टा (18) तथा बेरीपड़ाव निवासी अंशु आर्य (20) की जान चली गई। तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल आदित्य ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोग यह जानना चाहते हैं कि हादसे के पीछे केवल तेज रफ्तार जिम्मेदार थी या लापरवाही का कोई और पहलू भी सामने आएगा। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और उसके निष्कर्ष पर टिकी हैं।
