खबरें शेयर करें -

अल्मोड़ा में वन पंचायत की मनमानी! बिना अनुमति 800 मीटर सड़क बनाई, 50 से अधिक हरे पेड़ों पर चला आरा!

जेसीबी सीज, वन पंचायत को नोटिस; संयुक्त जांच में खुली बड़ी अनियमितता!

दर्पण न्यूज 24×7 | अल्मोड़ा

अल्मोड़ा जनपद के दन्या क्षेत्र स्थित बसाड़ वन पंचायत में नियमों को दरकिनार कर बिना किसी वैधानिक अनुमति के सड़क निर्माण और हरे-भरे पेड़ों के अवैध कटान का गंभीर मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में करीब 800 मीटर लंबी सड़क का निर्माण तथा 50 से अधिक हरे पेड़ों के अवैध कटान की पुष्टि होने के बाद प्रशासन और वन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

सूचना मिलने पर वन विभाग, राजस्व विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया। जांच टीम में वन क्षेत्राधिकारी नवीन टम्टा, उपजिलाधिकारी भनौली सौम्या गायाल, खनन अधिकारी ऋचा जोशी, तहसीलदार ज्योति धपवाल सहित राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारी शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण कार्य में लगी जेसीबी मशीन को मौके पर ही सीज कर राजस्व विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। अधिकारियों ने सड़क निर्माण की लंबाई, चौड़ाई और वन क्षेत्र को हुई क्षति का आकलन भी किया।

जांच में सामने आया कि सड़क निर्माण का कार्य वन विभाग और राजस्व विभाग से आवश्यक अनुमति लिए बिना कराया गया। यही नहीं, सड़क निर्माण के लिए बड़ी संख्या में हरे पेड़ों की कटाई भी कर दी गई, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचा है।

वन विभाग ने इस पूरे मामले में संबंधित वन पंचायत को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ वन एवं अन्य संबंधित अधिनियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला एक बार फिर सवाल खड़े करता है कि आखिर बिना अनुमति इतने बड़े स्तर पर सड़क निर्माण और पेड़ों की कटाई कैसे होती रही और जिम्मेदार विभागों को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी। अब प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं कि इस मामले में दोषियों पर कितनी कठोर कार्रवाई होती है।

उत्तराखंड