खबरें शेयर करें -

 

यातायात नगर की व्यवस्थाओं पर मेयर की नजर, औचक निरीक्षण में परखी जमीनी हकीकत।

साफ-सफाई से लेकर यातायात व्यवस्था तक का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए तत्काल सुधार के निर्देश।

दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए नगर निगम ने अब जमीनी स्तर पर निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में नगर निगम के मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने मंगलवार को यातायात नगर का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। मेयर के अचानक पहुंचने से निगम अधिकारियों और कर्मचारियों में भी सक्रियता नजर आई।

निरीक्षण के दौरान मेयर ने यातायात नगर परिसर में साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और आमजन के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए जहां भी कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि शहर की सार्वजनिक व्यवस्थाओं को स्वच्छ, सुचारु और सुव्यवस्थित बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। यातायात नगर जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल पर किसी भी तरह की अव्यवस्था आमजन और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण नहीं बननी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था नियमित रूप से बेहतर रखी जाए और व्यवस्थाओं में सामने आने वाली कमियों का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मेयर ने कहा कि नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न क्षेत्रों का समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जाता रहेगा। इन निरीक्षणों का उद्देश्य केवल व्यवस्थाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि कमियों को मौके पर चिह्नित कर उनका त्वरित समाधान कराना भी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शहर की व्यवस्थाओं को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निगम लगातार प्रयासरत रहेगा।

निरीक्षण के दौरान निगम अधिकारियों ने भी यातायात नगर की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नोडल अतिक्रमण गणेश भट्ट सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

उत्तराखंड