

दिवंगत पत्रकार के परिवार को मिला सहारा, पत्रकार कल्याण कोष से पांच लाख की आर्थिक सहायता!
हल्द्वानी। पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय तक योगदान देने वाले दिवंगत पत्रकार एवं सांध्य दैनिक कुमायूं टाइम्स के संपादक स्व. कृष्ण कुमार गुप्ता के परिवार को राज्य सरकार की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की पहल के तहत पत्रकार कल्याण कोष (कारपस फंड) से उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सरोजनी गुप्ता को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ड्राफ्ट सौंपा गया।
उपाध्यक्ष मीडिया सलाहकार समिति ध्रुव रौतेला ने श्रीमती गुप्ता को सहायता राशि का ड्राफ्ट प्रदान किया। इस अवसर पर दिवंगत पत्रकार के परिजनों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त किया।
पत्रकारों और उनके आश्रित परिवारों के हितों से जुड़े मामलों में पत्रकार कल्याण कोष से दी जाने वाली सहायता को सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की संवेदनशील पहल के रूप में देखा जा रहा है। पत्रकारिता के दौरान समाज और जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने रखने वाले पत्रकारों के परिवारों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक संबल उपलब्ध कराना कल्याणकारी व्यवस्था का महत्वपूर्ण पक्ष है।
सरकार की इस पहल से यह संदेश भी जाता है कि पत्रकारों के योगदान और उनके परिवारों की जरूरतों को संस्थागत स्तर पर संज्ञान में लिया जा रहा है।
