दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो | द्वाराहाट
अंकिता हत्याकांड को लेकर द्वाराहाट में कांग्रेस का विशाल जुलूस
सीबीआई जांच की मांग पर सड़कों पर उतरे कांग्रेसी, भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
द्वाराहाट। बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच नहीं कराए जाने के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने रविवार को द्वाराहाट में विशाल जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। विधायक मदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, महिलाएं और स्थानीय लोग शामिल हुए।
सुबह करीब 11 बजे सभी लोग राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित घटगाड़ तिराहे पर एकत्र हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए जुलूस मुख्य चौराहे तक पहुंचा, जहां एक जनसभा का आयोजन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार अंकिता भंडारी हत्याकांड में अपने नेताओं को बचाने के लिए सीबीआई जांच से लगातार बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर बुलडोजर चलवाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि जब तक सरकार सीबीआई जांच की सिफारिश नहीं करती, तब तक कांग्रेस संगठन सड़क से सदन तक आंदोलन करता रहेगा।
विधायक बिष्ट ने सवाल उठाते हुए कहा, “अगर सरकार इतनी ही ईमानदार है तो सीबीआई जांच कराने से क्यों डर रही है?”
सभा में ब्लॉक प्रमुख आरती किरौला ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं के साथ बलात्कार और दुराचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि कई मामलों में सत्तारूढ़ दल से जुड़े लोगों के नाम सामने आ रहे हैं।
उन्होंने नारा देते हुए कहा, “अंकिता हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं।”
नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता आर्या ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में महिलाओं के साथ बढ़ती घटनाएं बेहद शर्मनाक हैं और भाजपा सरकार अपने नेताओं को बचाने में लगी हुई है।
सभा में मंत्री रेखा आर्या के पति द्वारा पहाड़ के युवाओं और महिलाओं को लेकर दिए गए गैर-जिम्मेदार बयान पर भी कड़ा रोष जताया गया।
सभा को पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र किरौला, जिला पंचायत सदस्य भूपाल भंडारी, हीरा सिंह, महेश लाल वर्मा, कमला कैड़ा, ज्योति बिष्ट, भुवन पांडेय, जीवन नेगी सहित कई अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच नहीं कराई गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
