खबरें शेयर करें -

कोटा रेंज में बाघ का कहर: जल जीवन मिशन के मजदूर को बनाया शिकार, क्षेत्र में दहशत।
दर्पण न्यूज 24/7 | रामनगर संवाददाता: करन तिवारी
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर वन प्रभाग की कोटा रेंज के जंगल में रविवार को बाघ के हमले में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक जल जीवन मिशन के तहत पेयजल लाइन बिछाने का कार्य कर रहा था। घटना के बाद से आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, कोटा रेंज के भलोन क्षेत्र में पेयजल लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। इसी कार्य में लगे बिहार के पूर्वी चंपारण (जोहरिया) निवासी 30 वर्षीय अभिमन्यु शाह पुत्र भगैलयू शाह रविवार को जंगल के समीप काम करने गया था। शाम को काम समाप्त होने के बाद जब अभिमन्यु अपने कमरे की ओर लौट रहा था, तभी करीब सवा छह बजे अचानक बाघ ने उस पर हमला कर दिया। बाघ युवक को खींचते हुए जंगल की ओर ले गया। ग्रामीणों के मुताबिक, उस समय अभिमन्यु के साथ अन्य मजदूर भी मौजूद थे, लेकिन अचानक हुए हमले से वे कुछ कर नहीं सके।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया गया। देर रात तक चले अभियान के दौरान युवक का शव जंगल से बरामद कर लिया गया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से कई राउंड फायरिंग भी की गई।
रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया ने बताया कि मृतक कुछ माह पहले ही अपने साथियों के साथ यहां मजदूरी करने आया था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है। बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से जंगल की ओर न जाने की अपील की जा रही है।
वन विभाग की ओर से क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है, वहीं घटना ने एक बार फिर जंगल से सटे इलाकों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को उजागर कर दिया है।