खबरें शेयर करें -

 जिंदा मरीज को बना दिया ‘मृत’! चंदन हॉस्पिटल का सनसनीखेज कांड, आईसीयू में जूझ रही महिला की फाइल में दर्ज कर दी मौत
दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी
हल्द्वानी शहर का चर्चित निजी अस्पताल चंदन हॉस्पिटल एक बार फिर गंभीर विवादों में घिर गया है। इस बार मामला इतना चौंकाने वाला है कि सुनकर हर कोई स्तब्ध है। अस्पताल में भर्ती 62 वर्षीय हेमा देउपा को अस्पताल के रिकॉर्ड में 15 फरवरी को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि वास्तविकता यह है कि वह अभी भी अस्पताल के आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर भर्ती बताई जा रही हैं।
फाइल में दर्ज मिली ‘डेथ एंट्री’, परिजन हुए सन्न!
परिजनों के अनुसार जब वे अस्पताल के दस्तावेज़ देखने पहुंचे, तो मरीज की फाइल में मृत्यु दर्ज होने की एंट्री मिली। यह देख परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। आरोप है कि अस्पताल ने बिना वास्तविक पुष्टि के ही मरीज को मृत घोषित कर दिया।
इस चौंकाने वाली घटना के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पहले भी विवादों में रहा है अस्पताल!
यह पहला मौका नहीं है जब चंदन हॉस्पिटल विवादों में आया हो। इससे पहले भी अस्पताल पर कई गंभीर आरोप लग चुके हैं, जिनमें बकाया बिल का हवाला देकर मृतक का शव परिजनों को न सौंपना,अतिरिक्त भुगतान की मांग करना,इलाज में लापरवाही के आरोप समेत अनावश्यक जांच और भारी-भरकम बिल वसूली के आरोप लग छुए हैं।
एक मामले में तो परिजन अस्पताल परिसर में ही धरने पर बैठ गए थे, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और दबाव में अस्पताल को शव सौंपना पड़ा।
बड़ा सवाल: जिंदा को मृत कैसे घोषित कर दिया?
अब सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि आखिर आईसीयू में भर्ती जिंदा मरीज को अस्पताल रिकॉर्ड में मृत कैसे घोषित कर दिया गया?
क्या यह केवल तकनीकी गलती है?
या फिर अस्पताल की गंभीर लापरवाही?
और यदि पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, तो अब तक अस्पताल पर ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
जनता में भारी आक्रोश, न्याय की मांग!
इस घटना के बाद शहरवासियों में भारी आक्रोश है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।
अब सभी की नजर पुलिस और प्रशासन की जांच और कार्रवाई पर टिकी हुई है। यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो यह मामला न केवल चिकित्सा लापरवाही बल्कि मानवता को शर्मसार करने वाला गंभीर अपराध साबित हो सकता है।
दर्पण न्यूज 24/7 इस मामले की हर अपडेट पर नजर बनाए हुए है।