








भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का ‘राजभवन घेराव’, बैरिकेड तोड़ने पर उतरे कार्यकर्ता, देहरादून बना रणक्षेत्र!
दर्पण न्यूज 24/7 | देहरादून
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने सोमवार को देहरादून की सड़कों पर शक्ति प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार ‘हल्ला बोल’ किया। प्रदेश में बढ़ते अपराध, बिगड़ती कानून व्यवस्था, बेरोजगारी, महिला उत्पीड़न और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस ने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ राजभवन कूच किया। हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए जब उग्र कार्यकर्ता पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
परेड ग्राउंड में उमड़ा जनसैलाब, नेताओं ने भरी हुंकार
राजभवन कूच से पहले परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। मंच पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत, तथा प्रचार समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया।
बैरिकेडिंग पर चढ़े कार्यकर्ता, पुलिस से टकराव जैसे हालात
हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जब राजभवन कूच के लिए आगे बढ़े तो पुलिस ने हाथीबड़कला क्षेत्र में बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारे लगाए। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य अपने समर्थकों के साथ पहले बैरिकेड तक पहुंचने में सफल रहे, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
“प्रदेश में जंगलराज, जनता भयभीत”— कांग्रेस
नेताओं ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 15 दिनों में राजधानी सहित विभिन्न जिलों में कई जघन्य हत्याएं हुई हैं, लेकिन आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है, युवा निराश हैं, पलायन जारी है और स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था बदहाल हो चुकी है।
महिला सुरक्षा, भर्ती घोटाले और किसानों के मुद्दे भी उठाए
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने महिला अपराधों में वृद्धि पर चिंता जताते हुए सरकार को कठघरे में खड़ा किया। नेताओं ने भर्ती घोटालों, पेपर लीक, किसान समस्याओं और जंगली जानवरों के आतंक का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया।
“यह आंदोलन अब रुकने वाला नहीं”— कांग्रेस का ऐलान
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यह आंदोलन सिर्फ शुरुआत है और जब तक प्रदेश में कानून व्यवस्था बहाल नहीं होती, अपराधियों पर लगाम नहीं लगती और युवाओं को रोजगार नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस सड़कों पर संघर्ष जारी रखेगी।
देवभूमि उत्तराखंड की राजधानी में कांग्रेस का यह शक्ति प्रदर्शन आने वाले राजनीतिक समीकरणों का संकेत माना जा रहा है, जिससे प्रदेश की सियासत में नई हलचल तेज हो गई है।
