खबरें शेयर करें -

शादी का झांसा देकर पांच साल तक शोषण का आरोप, न्याय के लिए थाने में डटी युवती, आत्मदाह की कोशिश से मचा हड़कंप!

कालसी थाने में मंगलवार को ग्रामीणों का हंगामा, बुधवार को युवती के आत्मदाह के प्रयास से पुलिस प्रशासन में खलबली, 6 अक्टूबर की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर उठे सवाल!

देहरादून /विकासनगर। शादी का भरोसा, पांच साल का रिश्ता और फिर कथित तौर पर शादी से इनकार! जौनसार क्षेत्र की एक युवती की शिकायत अब पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। युवक पर शादी का झांसा देकर वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए युवती न्याय की मांग को लेकर कालसी थाने के बाहर रातभर धरने पर बैठी रही। मंगलवार को उसके समर्थन में ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया तो बुधवार को युवती के आत्मदाह के प्रयास से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया। युवती ने दो टूक कहा है कि जब तक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई नहीं होती, उसका आंदोलन जारी रहेगा।

युवती के अनुसार, करीब पांच-छह साल पहले उसका एक युवक से प्रेम संबंध हुआ था। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और लंबे समय तक विवाह का आश्वासन देता रहा। बाद में दोनों परिवारों को इसकी जानकारी हुई तो मामला पंचायत तक पहुंचा। युवती का दावा है कि पंचायत और परिवार के स्तर पर भी शादी कराने का भरोसा दिया गया, लेकिन बाद में युवक के परिजनों ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया।

युवती का आरोप है कि 9 सितंबर 2025 को मंदिर में शादी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन यह वादा भी पूरा नहीं हुआ। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद जब दशहरा 2026 तक शादी की कोई पहल नहीं हुई तो उसने पुलिस की शरण ली।

एक महीने से ज्यादा पुरानी शिकायत, फिर भी कार्रवाई का इंतजार!

युवती का कहना है कि उसने 6 अक्टूबर को कालसी थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसी कथित लापरवाही से नाराज होकर उसने सोशल मीडिया पर अपनी पीड़ा सार्वजनिक की और पुलिस प्रशासन के साथ विधायक प्रीतम सिंह तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से न्याय की गुहार लगाई।

मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब युवती ने पुलिसकर्मियों पर भी गंभीर आरोप लगाए। उसका दावा है कि उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और अभद्रता की गई। उसे जबरन थाने ले जाया गया तथा मोबाइल फोन छीन लिया गया। पैर में चोट होने के बावजूद उपचार नहीं मिलने और कुछ पुलिसकर्मियों के नशे में होने के आरोप भी लगाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

ग्रामीणों ने घेरा थाना, राजनीतिक संरक्षण का आरोप!

युवती के समर्थन में उतरे ग्रामीणों ने मंगलवार को कालसी थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने आरोपी परिवार को राजनीतिक संरक्षण मिलने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उनका कहना था कि एक युवती न्याय के लिए लगातार गुहार लगा रही है, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से उसका भरोसा व्यवस्था से उठता जा रहा है।

धरने में कुलदीप चौहान, श्याम सिंह, प्रताप सिंह, प्रधान अर्चना चौहान, गजेंद्र जोशी, दीपक तोमर, पंकज चौहान और प्रधान संगठन अध्यक्ष चरण सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

पुलिस का जवाब: साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई?

पुलिस क्षेत्राधिकारी विकासनगर आदित्या तिवारी ने बताया कि युवती से दूसरा प्रार्थना पत्र देने को कहा गया है। पूर्व में दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।

अब पुलिस के सामने कई बड़े सवाल!

इस घटनाक्रम ने पुलिस की कार्यशैली और शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है। यदि युवती ने 6 अक्टूबर को ही शिकायत दे दी थी तो अब तक जांच कहां तक पहुंची? शिकायत पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई? युवती द्वारा पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कौन करेगा? और सबसे बड़ा सवाल यह कि न्याय की गुहार लगाती युवती को आत्मदाह जैसे कदम की नौबत तक क्यों पहुंचना पड़ा?

फिलहाल आत्मदाह के प्रयास के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन जांच और कार्रवाई के जरिए युवती का भरोसा जीत पाता है या कालसी थाने के बाहर चल रहा यह धरना व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता रहेगा।

उत्तराखंड