खबरें शेयर करें -

 

रामनगर के लग्जरी रिसॉर्ट में कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश, 52 गिरफ्तार; 10 युवतियां रेस्क्यू।

बिना लाइसेंस बार संचालन का भी खुलासा, मैनेजर फरार; पुलिस पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी।

करन तिवारी, रामनगर।

पर्यटन नगरी रामनगर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी रिसॉर्ट में कथित देह व्यापार के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस की छापेमारी में मौके से 52 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि नेपाल, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल की 10 युवतियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया। कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट परिसर में बिना लाइसेंस बार संचालित होने का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने भारी मात्रा में शराब, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार पिछले कुछ समय से रिसॉर्ट में संदिग्ध गतिविधियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद विशेष टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। पुलिस जैसे ही रिसॉर्ट पहुंची, वहां अफरा-तफरी मच गई। तलाशी के दौरान कई कमरों से लोग आपत्तिजनक परिस्थितियों में मिले, जिसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रिसॉर्ट में कथित देह व्यापार के साथ-साथ बिना वैध लाइसेंस के बार का संचालन भी किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में शराब, नकदी और अन्य सामग्री जब्त की है, जिसे जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट का मैनेजर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं, रिसॉर्ट के कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई ने रामनगर के पर्यटन उद्योग पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पर्यटन की आड़ में यदि इस तरह की अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं, तो निगरानी तंत्र की भूमिका भी जांच के घेरे में आएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायतों पर कार्रवाई होती तो यह नेटवर्क शायद पहले ही बेनकाब हो सकता था।

फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह केवल शुरुआती कार्रवाई है और जांच आगे बढ़ने के साथ इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।

उत्तराखंड