खबरें शेयर करें -

कुमाऊं विवि में स्नातक प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, 31 मई तक मौका।

दर्पण न्यूज 24/7

ब्यूरो: प्रमोद बमेटा, हल्द्वानी

हल्द्वानी। कुमाऊं विश्वविद्यालय में सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (यूजी) प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। बीए, बीएससी और बीकॉम सहित सभी पाठ्यक्रमों के लिए छात्र-छात्राएं अब समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 मई निर्धारित की गई है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थी समर्थ पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकते हैं। एक बार पंजीकरण करने के बाद अभ्यर्थी डीएसबी परिसर नैनीताल, एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी, महिला महाविद्यालय हल्द्वानी समेत अधिकतम 10 महाविद्यालयों और विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकेंगे।

पंजीकरण शुल्क और जरूरी दस्तावेज

समर्थ पोर्टल की नोडल अधिकारी डा. उमंग ने बताया कि आवेदन के लिए 50 रुपये पंजीकरण शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि आवेदन करते समय सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरें और अपने मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी का ही उपयोग करें।

एबीसी आईडी अनिवार्य

नई शिक्षा नीति राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू होने के बाद स्नातक में प्रवेश के लिए अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (ABC) आईडी अनिवार्य कर दी गई है। यह आईडी छात्रों के शैक्षणिक रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने में मदद करती है। अभ्यर्थी इसे डिजीलॉकर या एबीसी पोर्टल के माध्यम से आधार नंबर की सहायता से बना सकते हैं।

जून में मेरिट, जुलाई से कक्षाएं

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, 31 मई के बाद आवेदन डेटा संबंधित कॉलेजों को भेजा जाएगा। जून के पहले सप्ताह में मेरिट सूची जारी की जाएगी और जून माह में ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद जुलाई से नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी।

महत्वपूर्ण सूचना:

अभ्यर्थी आवेदन से पहले सभी दस्तावेज तैयार रखें और फॉर्म भरते समय नाम, पिता का नाम व अन्य विवरण की स्पेलिंग अवश्य जांच लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न हो।

उत्तराखंड