यौन शोषण के आरोप में भवाली के व्यापारी नेता नरेश पांडे हिरासत में।
एसएसपी के निर्देश पर तड़के हुई पुलिस कार्रवाई, चार बंदूकधारी बाउंसरो से भी पूछताछ कर रही है पुलिस।
दर्पण न्यूज 24/7 नैनीताल/भवाली। नैनीताल जिले में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब यौन शोषण के एक हाईप्रोफाइल मामले में भवाली के व्यापारी नेता नरेश पांडे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद पूरे भवाली क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
जानकारी के अनुसार मल्लीताल कोतवाली में एक महिला की तहरीर पर नरेश पांडे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ धोखे से यौन शोषण किया। प्राथमिकी में लगाए गए गंभीर आरोपों को देखते हुए पुलिस ने मामले को संवेदनशील मानते हुए तत्काल कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि मंगलवार तड़के पुलिस टीम भवाली स्थित पांडे के आवास पहुंची और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान उनके साथ मौजूद चार बंदूकधारी बाउंसरों को भी हिरासत में लिया गया। सभी बाउंसर काले कपड़ों में थे और लंबे समय से आरोपी की सुरक्षा में तैनात बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी और उसके बाउंसरों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां इस मामले से जुड़े कई पहलुओं की पड़ताल में जुटी हैं। पुलिस को पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है।
नरेश पांडे लंबे समय से खुद को व्यापारी नेता और समाजसेवी के रूप में प्रस्तुत करते रहे हैं। विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक आयोजनों में उनकी सक्रिय मौजूदगी रही है। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई ने जिलेभर में सनसनी फैला दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले पर लोगों की नजर पुलिस जांच और संभावित खुलासों पर टिकी हुई है।
