खबरें शेयर करें -

आरटीओ चालान के नाम पर बड़ा साइबर फ्रॉड, घर बनाने के लिए लिया 10 लाख का लोन मिनटों में उड़ाया।
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी।

आरटीओ चालान से जुड़े फर्जी लिंक के जरिए साइबर ठगों ने सिडकुल क्षेत्र की एक फैक्टरी में कार्यरत युवक के बैंक खाते से 10 लाख रुपये की ठगी कर ली। यह रकम पीड़ित ने घर निर्माण के लिए बैंक से होम लोन के रूप में ली थी। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामपुर रोड स्थित शिवाशीष कॉलोनी निवासी पंकज कुमार ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 नवंबर को उनके मोबाइल पर आरटीओ चालान से संबंधित एक संदेश आया था, जिसमें एक लिंक दिया गया था। जैसे ही उन्होंने लिंक खोला, मोबाइल से अपने आप सेव नंबरों पर संदेश जाने लगे और फोन अचानक बंद हो गया।
कुछ समय बाद मोबाइल सामान्य रूप से चालू हो गया, लेकिन शाम को उनके मोबाइल पर बैंक से दो बार में कुल 10 लाख रुपये डेबिट होने के संदेश मिले। घबराए पंकज ने तुरंत बैंक से संपर्क किया, जहां बताया गया कि रकम किसी अन्य खाते में ट्रांसफर हो चुकी है।
1930 पर कॉल किया, नहीं मिला तत्काल सहयोग
पीड़ित ने बताया कि ठगी का पता चलते ही उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दो बार कॉल किया, लेकिन कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई और एचडीएफसी बैंक की शहर शाखा को भी मामले की सूचना दी।
पंकज के अनुसार, यह पूरी राशि उन्होंने अपने घर के निर्माण के लिए होम लोन के रूप में ली थी, जिसे साइबर ठगों ने कुछ ही समय में निकाल लिया। उन्होंने पुलिस से ठगी की रकम बरामद कराने की मांग की है।
एपीके फाइल से रहें सतर्क
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सतर्क करते हुए बताया कि साइबर ठग अब एपीके फाइल और फर्जी लिंक के माध्यम से लोगों को निशाना बना रहे हैं। यदि मोबाइल पर किसी अज्ञात स्रोत से एपीके फाइल या लिंक आए तो उसे बिल्कुल न खोलें।
आरटीओ चालान से संबंधित सूचना केवल एसएमएस के माध्यम से दी जाती है, किसी लिंक या फाइल के जरिए नहीं।
अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कत्याल ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जिस खाते में रकम ट्रांसफर हुई है, उसकी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच जारी है।

उत्तराखंड