मनरेगा का नाम बदलने पर कांग्रेस का तीखा विरोध, राष्ट्रपति के नाम लालकुआँ तहसील में सौंपा ज्ञापन।
दर्पण न्यूज 24/7
लालकुआँ। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदले जाने के विरोध में सोमवार को लालकुआँ तहसील परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार पूजा शर्मा को सौंपा गया।
लालकुआँ नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे और बिंदुखत्ता ब्लॉक अध्यक्ष पुष्कर दानू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता तहसील पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने मनरेगा का नाम बदलकर ‘विकसित भारत ग्रामीण राम जी’ किए जाने पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं के नाम बदल रही है। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं का नाम देश के लिए योगदान और बलिदान देने वाले महापुरुषों से जुड़ा है, उन्हें बदला जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। मनरेगा जैसी ऐतिहासिक योजना का नाम बदलना ग्रामीण गरीबों और मजदूरों के साथ अन्याय है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति महोदया से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि मनरेगा का नाम पूर्ववत रखा जाए। प्रदर्शन के दौरान विधानसभा प्रभारी संदीप जोशी, वरिष्ठ नेता हरेंद्र क्वीरा, प्रमोद कालौनी, मोहन कुड़ाई, गिरधर बम, सईद अहमद, गोविंद दानू सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
