खबरें शेयर करें -

हल्दूचौड़ में कल होगा विराट हिंदू सम्मेलन!
हल्दूचौड़ ।
क्षेत्र में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और आपसी एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से कल रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज, हल्दूचौड़ में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होगा। सम्मेलन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और आयोजक टीम अंतिम व्यवस्थाओं में जुटी हुई है।
आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन किसी राजनीतिक एजेंडे से नहीं, बल्कि जनहित और समाज को जोड़ने की भावना से प्रेरित है। सम्मेलन के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर सामाजिक जिम्मेदारियों, सांस्कृतिक मूल्यों और आपसी सौहार्द पर संवाद स्थापित किया जाएगा।
भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुमका ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं और सामाजिक एकजुटता को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने आमजन से परिवार सहित सम्मेलन में सहभागिता करने का अनुरोध किया।
कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्था, अनुशासन और सुरक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजकों के अनुसार युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की सहभागिता से सम्मेलन को व्यापक स्वरूप मिलेगा। क्षेत्रवासियों में आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।