खबरें शेयर करें -

सौरव राज बेहड़ मामले में बड़ा खुलासा, पिता तिलक राज बेहड़ ने तोड़ी चुप्पी, समाज से मांगी माफ़ी।
दर्पण न्यूज 24/7(संवाददाता) रुद्रपुर!
सौरव राज बेहड़ से जुड़े कथित मारपीट प्रकरण में अब एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ ने स्वयं दर्पण न्यूज 24/7 से बातचीत में पूरे मामले की सच्चाई सार्वजनिक करते हुए कहा कि प्रारंभिक जांच और पुलिस से प्राप्त पुख्ता जानकारी के अनुसार उनके पुत्र सौरव ने अपने एक मित्र इंदर के साथ मिलकर स्वयं ही एक छलपूर्वक षड्यंत्र रचा था।
तिलक राज बेहड़ ने बताया कि जब इस मामले की वास्तविकता सामने आई तो इंदर के परिवारजन स्वयं उनसे मिलने आए और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सौरव या उसके मित्र ने सच्चाई साझा की होती, तो यह स्थिति उत्पन्न ही नहीं होती और समाज व परिवार को इतना मानसिक कष्ट नहीं झेलना पड़ता।
उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम से समाज, राजनीतिक दलों और शुभचिंतकों को हुई पीड़ा के लिए हृदय से क्षमा याचना की। साथ ही भाजपा, सपा सहित विभिन्न दलों के नेताओं और आम नागरिकों द्वारा दिखाई गई सहानुभूति और सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
विधायक बेहड़ ने स्वीकार किया कि इस मामले को लेकर उन्होंने धरना-प्रदर्शन और आंदोलन की तैयारी की थी, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं ने भी सहयोग दिया। लेकिन उन्हें यह ज्ञात नहीं था कि उनका अपना ही पुत्र इस पूरे मामले का सूत्रधार निकलेगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि सौरव के अपने घरेलू जीवन में पत्नी के साथ कोई विवाद था, तो उसका समाधान आपसी बातचीत से निकाला जा सकता था। विवाह के बाद उसे अलग रहने की पूरी स्वतंत्रता दी गई थी और उसके वैध अधिकार भी पहले ही दे दिए गए थे। इसके बावजूद उसने जो किया, वह किसी भी रूप में क्षमायोग्य नहीं है।
भावुक होते हुए तिलक राज बेहड़ ने कहा कि इस घटना से उनकी सामाजिक छवि को गहरी ठेस पहुँची है और व्यक्तिगत रूप से उन्हें तोड़ दिया है। इसी कारण उन्होंने सौरव से अपने सभी संबंध समाप्त करने की घोषणा की है।
पुलिस प्रशासन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस ने दिन-रात मेहनत कर सच्चाई सामने लाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की। उन्होंने दो टूक कहा कि इस पूरे प्रकरण में उनकी कोई भूमिका नहीं है और यदि उनका पुत्र दोषी पाया जाता है, तो उसे कानून के अनुसार कठोरतम सजा मिलनी चाहिए।
अंत में उन्होंने समाज, अपने साथियों, शुभचिंतकों और उन सभी लोगों से एक बार फिर सादर क्षमा याचना की, जिन्होंने इस कठिन समय में उनका साथ दिया।
— दर्पण न्यूज 24/7

उत्तराखंड