खबरें शेयर करें -

खटीमा कांड के बाद हड़कंप! नैनीताल जिले में शराब दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, सैंपल लेकर जांच शुरू!


दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। खटीमा में जहरीली शराब से हुई दो मौतों के बाद पूरे नैनीताल जिले का आबकारी महकमा अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के सख्त निर्देशों पर शुक्रवार को आबकारी विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मदिरा दुकानों तथा हल्द्वानी में संचालित एफएल-2 अनुज्ञापनों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने दुकानों में उपलब्ध विभिन्न मदिरा ब्रांडों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था, स्टॉक रजिस्टर, बिक्री प्रक्रिया और लाइसेंस शर्तों का बारीकी से परीक्षण किया। उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण मदिरा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न ब्रांडों के नमूने विधिवत रूप से लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।
आबकारी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध, मिलावटी या संदिग्ध मदिरा के किसी भी नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा। खटीमा की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलेभर में दुकानों की निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध मदिरा बिक्री करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
खटीमा में हुई मौतों के बाद आबकारी विभाग की सक्रियता से मदिरा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने साफ संकेत दे दिए हैं कि नियमों से खिलवाड़ करने वालों पर अब कड़ी कार्रवाई तय है।
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता