प्रेम प्रसंग में खूनी संघर्ष: एमसीए के छात्र-छात्रा ने एक-दूसरे पर किया चाकू से हमला!
दर्पण न्यूज 24/7ब्यूरो देहरादून। राजधानी देहरादून में प्रेम प्रसंग को लेकर एमसीए के एक छात्र और छात्रा के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने गुस्से में एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। घटना क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र की है। गंभीर रूप से घायल दोनों को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार दोनों छात्र देहरादून के एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं और काफी समय से उनके बीच प्रेम संबंध बताया जा रहा है। शनिवार को किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते-देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान छात्रा ने पहले छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई और छात्र ने भी जवाब में छात्रा पर चाकू से वार कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद छात्रों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत दून अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक घायल छात्रा महिमा देहरादून के रायपुर क्षेत्र की रहने वाली है, जबकि छात्र उदय मूल रूप से मेरठ का निवासी बताया जा रहा है। दोनों क्लेमेंटाउन क्षेत्र के अलग-अलग निजी हॉस्टलों में रहकर पढ़ाई कर रहे थे।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि प्रेम संबंध में चल रहे विवाद के कारण यह घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
