

इंडियाकोट मल्ला क्षेत्र की 30 से अधिक मांगों पर विधायक से मंथन!
बैंक, सड़क, अस्पताल, आईटीआई, पॉलीटेक्निक और पर्यटन विकास समेत पलायन रोकने पर हुई चर्चा!
रिखणीखाल/लैंसडौन। इडियाकोट मल्ला भ्रातृ मंडल समिति (संस्कृति एवं सरोकार मंच) के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को लैंसडौन विधायक महंत दिलीप सिंह रावत से देहरादून स्थित विधायक हॉस्टल में मुलाकात कर क्षेत्र की विकास संबंधी समस्याओं और वर्षों से लंबित मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में करीब तीन दर्जन से अधिक मांगों को विधायक के समक्ष रखा गया। विधायक ने अधिकांश मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया।
समिति के संस्थापक भक्तदर्शन सिंह नेगी के नेतृत्व में हुई वार्ता में संयोजक गबर सिंह रावत, ओपी जोशी, एवीके जोशी, हीरा सिंह नेगी और मनबर सिंह नेगी समेत अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे।
समिति ने टकोलीखाल में सरकारी अथवा सहकारी बैंक खोलने की मांग उठाई। विधायक ने बताया कि जिला सहकारी बैंक के लिए कम से कम दो हजार खाते होने की आवश्यकता है। इसी तरह टकोलीखाल-बनगढ़-बनगढ़खाल मोटर मार्ग को लेकर वन विभाग की आपत्ति और मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित होने की जानकारी दी गई। बनगढ़ मोटर मार्ग से बिंदवाल तथा बमणूख्वाल से चिमना तक संपर्क मार्ग के लिए ग्रामीणों की ओर से भूमि मुआवजा नहीं लेने संबंधी एनओसी 100 रुपये के स्टांप पर देने की बात कही गई।
अस्पताल और तकनीकी शिक्षा भी एजेंडे में
प्रतिनिधिमंडल ने टकोलीखाल और मज्याडीसैंण में राजकीय आईटीआई, टांडियू में दान की गई भूमि पर राजकीय पॉलीटेक्निक, किल्बौखाल में इंजीनियरिंग डिग्री कॉलेज और ओपन यूनिवर्सिटी सेंटर की मांग रखी। सिद्धखाल में एलोपैथिक अस्पताल और मज्याडीसैंण अस्पताल में चिकित्सक एवं पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। विधायक ने बताया कि कई संस्थानों के लिए निर्धारित मानक और क्षेत्र की कम जनसंख्या बड़ी बाधा है। उन्होंने पलायन रोकने और गांवों में आबादी बनाए रखने पर जोर दिया।
सड़कों के लिए भूमि संबंधी एनओसी पर जोर
समिति ने कल्वाड़ी नागराजा रौल से देवी मंदिर, कल्याड़ी-ग्वालीधार, गंगोरा-लेकुली से सौली, नाड-लेकुली-मज्याड़ी-मज्याडीसैंण मार्ग तथा दुगधार गांव तक संपर्क मार्ग समेत कई सड़कों के निर्माण की मांग की। विधायक की ओर से बताया गया कि कुछ सड़कें स्वीकृत हैं और कुछ के सर्वे की कार्रवाई हो चुकी है। वहीं कई प्रस्तावित सड़कों के लिए ग्रामीणों से बिना मुआवजे की एनओसी लेने की आवश्यकता बताई गई।
टकोलीखाल-किल्बौखाल मार्ग के टांडियू और सीलाबडसू बैंड के चौड़ीकरण और कटान का मुद्दा भी उठाया गया। विधायक ने बताया कि इस संबंध में लोनिवि को निर्देश दिए गए हैं। बैंड का काम होने के बाद रोडवेज बस संचालन का प्रयास किया जाएगा। कोटद्वार और देहरादून से टकोलीखाल तक बस सेवा शुरू करने की मांग भी रखी गई।
रामी बौराणी के नाम पर हो ब्लॉक और तहसील
समिति ने क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान से जुड़ी मांगों को भी प्रमुखता से उठाया। पतिव्रता नारी रामी बौराणी के नाम पर विकासखंड और तहसील का नाम रामीगढ़ रखने तथा ब्लॉक मुख्यालय पर उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग पर विधायक ने सहमति व्यक्त की।
इसके अलावा वीरबाला तीलू रौतेली से जुड़े भौन-कांडा-बीरौंखाल मार्ग का नाम तीलू रौतेली मार्ग रखने, मरखोला के पास पुल निर्माण और बनगढ़ से आगे सड़क निर्माण की मांग भी रखी गई।
पर्यटन, फलोद्यान और पिरूल उद्योग पर भी जोर
प्रतिनिधिमंडल ने कठुलिया महादेव मंदिर, इडियाकोट भैरोंगढ़ी मंदिर और टकोलीखाल मां दीबा भगवती मंदिर को प्राचीन मंदिर शैली में विकसित करने तथा चायखाल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग रखी। रिखणीखाल-सिद्धखाल मार्ग के आसपास पर्यटन गेस्ट हाउस, पिरूल आधारित उद्योग एवं पिरूल क्रय केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
वल्सा के नीचे और खिमाखेत में फल उद्यान की इकाइयां, फल संरक्षण एवं प्रसंस्करण केंद्र स्थापित करने की मांग भी उठी।
पलायन को लेकर विधायक ने जताई चिंता
बैठक में पट्टी इडियाकोट मल्ला को पिछड़ा क्षेत्र घोषित करने, रिखणीखाल उप तहसील को पूर्ण तहसील का दर्जा देने, तहसील में सेवायोजन कार्यालय खोलने, बंद पड़े प्राथमिक विद्यालयों को नियमानुसार ग्राम प्रधानों के सुपुर्द करने तथा गांवों में खंडहर पड़े मकानों को ध्वस्त कराने की मांग भी रखी गई।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास में कम होती आबादी बड़ी चुनौती है। उन्होंने समिति के माध्यम से बुजुर्गों समेत ग्रामीणों से गांवों में अपना नाम बनाए रखने और पलायन रोकने में सहभागिता करने का आग्रह किया। जंगली जानवरों से सुरक्षा, फसलों के उचित मुआवजे, पेयजल योजना की मरम्मत तथा रिखणीखाल आईटीआई में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग पर भी यथोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विधायक की ओर से हरसंभव प्रयास का आश्वासन मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्षों से लंबित विकास कार्यों को शीघ्र गति मिलेगी।
