

स्टार्टअप आइडिया की जंग में डेस्टिनिक्स के शोभित सिंह ने मारी बाजी!
हल्द्वानी। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में मार्केटिंग क्लब की ओर से ‘स्टार्टअप शोडाउन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने नवाचारी बिजनेस आइडिया और उद्यमिता के विजन को निर्णायकों के समक्ष आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में छात्रों के भीतर छिपी उद्यमशीलता और नए विचारों को मंच मिला।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद ‘डेस्टिनिक्स’ के शोभित सिंह को विजेता घोषित किया गया। ‘वी2’ की वैशाली तिवारी और विनीत फुलारा प्रथम उपविजेता रहे, जबकि ‘गेम चेंजर्स’ के हरमनदीप सिंह और अपूर्व कमल ने द्वितीय उपविजेता का स्थान हासिल किया।
इसके अलावा ‘अरोमा तत्व’ के आशीष बंसल और सोमिल तिवारी को ‘शार्क्स चॉइस’ तथा ‘टीम बिज़नोवा’ की प्राची जोशी और मुस्कान को ‘गेम चेंजर्स’ का खिताब दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने बिजनेस मॉडल, विचारों की उपयोगिता और उन्हें धरातल पर उतारने की संभावनाओं को निर्णायकों के सामने रखा। आयोजन का उद्देश्य छात्रों में नवाचार, रचनात्मक सोच और उद्यमिता की भावना को बढ़ावा देना रहा। अंत में आयोजकों ने निर्णायकों और सभी प्रतिभागियों का योगदान के लिए आभार जताया।
