खबरें शेयर करें -

“मानसून में लापरवाही नहीं चलेगी… 24 घंटे ऑन रहें मोबाइल, बंद सड़कें तुरंत खोलें”

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा का अफसरों को सख्त संदेश, जेसीबी तैनात करने और संवेदनशील क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश

दर्पण न्यूज 24/7 भीमताल। लगातार हो रही बारिश और बढ़ते भूस्खलन के खतरे के बीच युवा कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने प्रशासनिक मशीनरी को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि मानसून में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में मंत्री ने सभी अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।

बैठक में कैड़ा ने दो टूक कहा कि हर अधिकारी का मोबाइल फोन हर समय चालू रहना चाहिए, ताकि किसी भी आपदा या सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई हो सके। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बंद पड़े मोटर मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर खुलवाने, संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने और संभावित भूस्खलन वाले क्षेत्रों में पहले से ही जेसीबी मशीनें तैनात रखने के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ भी बैठक कर मानसून के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित निर्णय लेकर जन-जीवन को सुरक्षित रखने में कोई ढिलाई न बरती जाए।

ग्रामीणों को बड़ी राहत, सुरक्षा रेलिंग के लिए 60.19 लाख मंजूर

बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री ने धारी ब्लॉक के पहाड़पानी–कल्याणपुर मोटर मार्ग के लिए भी बड़ी सौगात का ऐलान किया। लंबे समय से दुर्घटना संभावित इस मार्ग पर सुरक्षा रेलिंग लगाने के लिए शासन ने 60.19 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।

कैड़ा ने कहा कि क्षेत्रीय जनता लंबे समय से इस मांग को उठा रही थी। सड़क पर सुरक्षा रेलिंग नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता था। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से शासन के सामने रखा गया, जिसके बाद यह स्वीकृति मिली है।

ग्रामीणों ने सुरक्षा रेलिंग की स्वीकृति पर खुशी जताते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त किया है।

अब नजर अब इस बात पर रहेगी कि मानसून के दौरान अफसर मंत्री के निर्देशों को कितनी गंभीरता से जमीन पर उतारते हैं।

उत्तराखंड