डीएम की सख्ती से गरमपानी मिनी बैंक घोटाले का खुलासा।
ग्रामीणों की जमा पूंजी हड़पने पर सहकारी समिति कर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
दर्पण न्यूज 24/7
नैनीताल।
गरमपानी क्षेत्र में संचालित बहुउद्देशीय प्रारम्भिक कृषि ऋण सहकारी समिति लिमिटेड से जुड़े मिनी बैंक प्रकरण में जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल की त्वरित और सख्त कार्रवाई से बड़ा वित्तीय घोटाला उजागर हुआ है। ग्रामीणों की जमा पूंजी वापस न किए जाने की गंभीर शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कराई गई है।
प्रकरण में समिति कर्मचारी एवं मिनी बैंक प्रभारी पटल आनन्द सिंह पनौरा पर ग्रामीण बचत केन्द्र, गरमपानी में कार्यरत रहते हुए सदस्यों की जमा धनराशि में वित्तीय अनियमितता करने के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि लंबे समय से ग्रामीण अपनी जमा पूंजी की वापसी के लिए भटक रहे थे।
यह मामला 17 दिसंबर 2025 को जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के दौरान महिला सभागार, छड़ा खैरना में ग्रामीणों द्वारा जिलाधिकारी के समक्ष उठाया गया था। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने बिना किसी देरी के कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर कोतवाली भवाली में एफआईआर संख्या 042/25 दिनांक 18 दिसंबर 2025 को अभियोग पंजीकृत किया गया। इस संबंध में शिकायतकर्ता गोपाल सिंह रौतेला, सचिव, बहुउद्देशीय प्रारम्भिक कृषि ऋण सहकारी समिति लि० गरमपानी, विकासखंड बेतालघाट द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया।
अन्य शिकायतकर्ताओं में हीरा सिंह, देवेंद्र सिंह, पूरन सिंह और हरदयाल सिंह शामिल हैं, जिन्होंने लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर अपनी जमा पूंजी में हेराफेरी की शिकायत की थी।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम जनता की मेहनत की कमाई से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और जमाकर्ताओं के हितों की पूरी तरह रक्षा सुनिश्चित की जाएगी ।
