खबरें शेयर करें -

पीएसए इंटर-स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आगाज
उद्घाटन मैच में बीएलएम एकेडमी ने हैरिटेज स्कूल को 6–0 से रौंदा।

दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो!

हल्द्वानी।

बीएलएम एकेडमी परिसर में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन (पीएसए) की ओर से आयोजित तीन दिवसीय अंतर-विद्यालयी फुटबॉल टूर्नामेंट का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन अवसर पर बीएलएम एकेडमी की निदेशक सौम्या अग्रवाल एवं प्रधानाचार्या डॉ. गायत्री कंवर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

टूर्नामेंट के पहले चरण में कुल पांच मुकाबले खेले गए। रोमांचक उद्घाटन मैच में मेजबान बीएलएम एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैरिटेज स्कूल को 6–0 से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया। अन्य मुकाबलों में गुरुकुल स्कूल ने डॉन बॉस्को स्कूल को 4–1 से, शिवालिक स्कूल ने गुरु तेग बहादुर स्कूल को 1–0 से तथा आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल ने व्हाइट हॉल स्कूल को 1–0 से मात दी। वहीं बीरशिबा स्कूल ने सेंट थेरेसा स्कूल को पेनाल्टी शूटआउट में 4–2 से हराया।

दूसरे चक्र के मुकाबले में बीरशिबा स्कूल ने आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल को 1–0 से पराजित कर जीत दर्ज की।

इस अवसर पर प्रधानाचार्या डॉ. गायत्री कंवर ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व गुणों के विकास में भी अहम भूमिका निभाते हैं। निदेशक सौम्या अग्रवाल ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं।

निर्णायक मंडल में गोपाल सिंह नेगी, सागर रावत, आनंद देव, अमित वैद, राहुल सरकार एवं प्रिंस बिष्ट शामिल रहे। आयोजन समिति में खेल प्रभारी हर्ष गोयल के साथ निश्चल जोशी, संजय सजवान, हेमंत जोशी, वंदना नेगी, रंजना बोरा, त्रिभुवन नित्वाल, रोहित प्रसाद एवं अंकित चंदोला ने सहयोग किया।
मौके पर हेड एडमिन एवं एचआर डॉ. ए.एस. कंवर, उप प्रधानाचार्य संगीता माथुर सहित विभिन्न विद्यालयों के कोच एवं शिक्षक उपस्थित रहे।