चित्तौड़गढ़ की वीरभूमि से सीएम योगी का संदेश: जातिवाद देश को कर रहा कमजोर!
जौहर श्रद्धांजलि समारोह में बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ!
चित्तौड़गढ़। जौहर स्मृति संस्थान द्वारा आयोजित ‘जौहर श्रद्धांजलि समारोह’ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जातिवाद की राजनीति पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जातिवाद भारत की सामाजिक एकता को कमजोर कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाज को बांटने वाली राजनीति देश को फिर गुलामी की ओर धकेल सकती है, इसलिए हमें एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा।
सीएम योगी ने वीरभूमि चित्तौड़गढ़ की धरती से राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पंक्तियां सुनाते हुए कहा कि वीरों की पहचान उनके कर्म और पराक्रम से होती है, न कि जाति या गोत्र से।
सनातन की मर्यादा अमर रहेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति की मर्यादा सदैव अमर रहेगी। उन्होंने कहा कि इतिहास में बाबर, औरंगजेब और अकबर के वंशजों का आज कोई पता नहीं, लेकिन महाराणा प्रताप के वंशज आज भी समाज में सम्मान के साथ मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि यह भारत की परंपरा और संस्कृति की शक्ति को दर्शाता है।
अयोध्या में राम मंदिर बना, गुलामी के निशान मिटे
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण केवल एक मंदिर का निर्माण नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और आस्था की पुनर्स्थापना है। उन्होंने कहा कि जब पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और आस्था होती है तो बड़े से बड़ा लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन चुका है और वहां गुलामी का कोई चिह्न नहीं बचा है।
राम मंदिर आंदोलन का विरोध करने वालों पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग समाज को बांटने और भ्रम फैलाने का काम करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही लोग राम और कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाते रहे, राम मंदिर निर्माण का विरोध करते रहे और रामसेतु को तोड़ने की बात करते थे।
वीरभूमि चित्तौड़गढ़ से जुड़ा योगी का आध्यात्मिक नाता
सीएम योगी ने कहा कि चित्तौड़गढ़ की वीरभूमि से उनका आध्यात्मिक संबंध भी है। उन्होंने बताया कि उनके पूज्य दादा गुरु इसी भूमि से गोरखपुर गए थे, जिससे उनका इस क्षेत्र से विशेष जुड़ाव है।
उन्होंने कहा कि मेवाड़ के वीरों का शौर्य, वीरांगनाओं का जौहर और मीराबाई की भक्ति भारत की पहचान रहे हैं। नारी अस्मिता और स्वाभिमान की यह परंपरा पूरे देश को प्रेरित करती है।
महाराणा प्रताप, शिवाजी और गुरु गोविंद सिंह को किया नमन
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोविंद सिंह जैसे राष्ट्रनायकों को याद करते हुए कहा कि इन महापुरुषों का संघर्ष सत्ता या व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं बल्कि देश, धर्म और स्वतंत्रता के लिए था।
उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह के चारों पुत्रों ने बलिदान दिया, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। यही त्याग और पराक्रम भारत की असली शक्ति है।
‘बेटियां अब नाइट शिफ्ट में भी सुरक्षित’
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। अब बेटियां नाइट शिफ्ट में काम करने के बाद भी सुरक्षित घर लौट रही हैं, जो राज्य में आए बदलाव का प्रमाण है।
रिपोर्ट: दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो
प्रमोद बमेटा
