खबरें शेयर करें -

🔥 BJP नेता दुष्यंत गौतम को बदनाम करने की साजिश! नैनीताल में महिला व SC मोर्चा का कांग्रेस पर गंभीर आरोप, कोतवाली में दी नामजद तहरीर।
नैनीताल।
कांग्रेस द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व पर लगाए जा रहे आरोपों के खिलाफ अब भाजपा महिला मोर्चा और अनुसूचित जाति (SC) मोर्चा खुलकर मैदान में उतर आया है। शुक्रवार को नैनीताल में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर एक अनुसूचित वर्ग के वरिष्ठ नेता को बदनाम करने की सुनियोजित राजनीतिक साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक सरिता आर्या ने कहा कि महिला अधिकारों की आड़ में कांग्रेस द्वारा एससी समाज को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तथाकथित महिला को आगे कर आरोप लगाए जा रहे हैं, उसे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। सरिता आर्या ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष द्वारा दिल्ली जाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा नेताओं को बदनाम करने का प्रयास किया गया, जो पूरी तरह राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा है।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा ने कहा कि एससी समाज से आने वाले दुष्यंत गौतम वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हैं और इससे पहले वे एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भाजपा महिला मोर्चा के राष्ट्रीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि उनके लंबे और निष्कलंक राजनीतिक जीवन में कभी कोई आरोप नहीं लगा, इसके बावजूद उन्हें सुनियोजित तरीके से बदनाम किया जा रहा है। भावना मेहरा ने दो टूक कहा कि भाजपा महिला मोर्चा इस साजिश को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगा।
दायित्वधारी शांति मेहरा ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा दलित समाज का उपयोग केवल राजनीतिक लाभ के लिए किया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ छवि वाले नेताओं को बदनाम करना कांग्रेस की पुरानी नीति रही है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की ने कहा कि कांग्रेस योजनाबद्ध तरीके से भाजपा नेताओं के खिलाफ अभियान चला रही है और समाज को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, लेकिन जनता सच्चाई को समझ रही है।
प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन पोखरिया, मंडी सलाहकार मनोज जोशी, नीतू जोशी, सभासद गजाला कमाल, शिवांशु जोशी, निखिल बिष्ट, विकास जोशी, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष रोहित भाटिया, मुकेश आर्या सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कोतवाली में नामजद तहरीर, आंदोलन की चेतावनी
इसी क्रम में अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष रोहित भाटिया के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मल्लीताल कोतवाली पहुंचकर कांग्रेस के एक नेता, तथाकथित महिला और एक पूर्व विधायक के खिलाफ नामजद तहरीर सौंपी। मोर्चा ने मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
एससी मोर्चा का कहना है कि यह पूरा प्रकरण अनुसूचित समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने और भाजपा के वरिष्ठ नेता की छवि धूमिल करने की सुनियोजित कोशिश है। मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

उत्तराखंड