








🌿 पर्यटन का नया हॉटस्पॉट बनेगा संजय वन!
सांसद अजय भट्ट का औचक निरीक्षण, कुमाऊनी भव्य द्वार से लेकर ई-वाहन व आवास तक बड़े ऐलान।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो।
रुद्रपुर।
पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल–ऊधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद श्री अजय भट्ट ने शुक्रवार सुबह पर्यटन की दृष्टि से अपने ड्रीम प्रोजेक्ट ‘संजय वन’ का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। रामपुर रोड स्थित संजय वन में सुबह से ही पर्यटकों और छोटे बच्चों की चहल-पहल देखकर सांसद ने संतोष व्यक्त किया और इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
करीब डेढ़ घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान श्री भट्ट ने वन विभाग के अधिकारियों से सौंदर्यकरण सहित चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने संजय वन को और अधिक आकर्षक व सुरक्षित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
🏛️ कुमाऊनी शैली का भव्य प्रवेश द्वार जल्द
सांसद ने बताया कि 74 लाख रुपये की लागत से कुमाऊनी शैली में संजय वन का भव्य मुख्य द्वार और अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे, जिसकी सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने डीएफओ को निर्देश दिए कि मुख्य द्वार का निर्माण शीघ्र पूरा किया जाए।
🚙 ई-वाहन, सुरक्षा चौकी और सोलर फेंसिंग
श्री भट्ट ने बताया कि संजय वन के भीतर इलेक्ट्रिक वाहनों से भ्रमण की व्यवस्था की जा रही है। पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां वन चौकी खोलने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
इसके साथ ही उन्होंने संजय वन के चारों ओर लगी सोलर फेंसिंग की वोल्टेज बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि वन्यजीवों से क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित रह सके।
🏨 भविष्य में पर्यटकों के लिए आवास सुविधा
सांसद ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि भविष्य में संजय वन में पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे यह स्थान एक पूर्ण पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो सके।
🌳 नवग्रह पार्क, 12 राशियों पर आधारित उद्यान बना आकर्षण
श्री भट्ट ने बताया कि लंबे समय तक बंद रहे संजय वन को पुनः पुनर्स्थापित कर वृहद स्तर पर सौंदर्यकरण कराया गया है। यहां अब हाईटेक नर्सरी, वन्यजीव पार्क, नवग्रह पार्क और 12 राशियों के आधार पर विकसित रमणीय उद्यान पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहे हैं।
पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
🚩 मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन
सांसद अजय भट्ट ने जानकारी दी कि संजय वन का शीघ्र ही मुख्यमंत्री द्वारा उद्घाटन कराया जाएगा। उन्होंने वन सचिव आर.के. सुधांशु से दूरभाष पर वार्ता कर परियोजना को जल्द पूरा कराने पर भी चर्चा की।
अंत में सांसद ने कहा—
“पर्यटन की दृष्टि से संजय वन बेहद रमणीय और संभावनाओं से भरा स्थान है। इसे उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल किया जाएगा।”



