खबरें शेयर करें -

हरिद्वार-देहरादून एनएच पर फ्लाईओवर “ओपन” बनाने की मांग, स्थानीय कारोबार बचाने की उठी आवाज!
पूर्व सीएम त्रिवेन्द्र रावत ने नितिन गडकरी से मुलाकात कर रखा पक्ष, 1200 दुकानों पर असर की जताई चिंता!

दर्पण न्यूज 24/7, देहरादून/नई दिल्ली।
हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रस्तावित फ्लाईओवर को लेकर स्थानीय हितों की आवाज अब दिल्ली तक पहुंच गई है। हरिद्वार के सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री Trivendra Singh Rawat ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari से मुलाकात कर छिद्दरवाला और रेशम माजरी क्षेत्र से जुड़े अहम मुद्दे उठाए।
सांसद रावत ने मंत्री के समक्ष स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों की भावनाओं को विस्तार से रखते हुए बताया कि प्रस्तावित फ्लाईओवर/अंडरपास का मौजूदा डिजाइन अत्यधिक लंबा और पूरी तरह ढका हुआ है, जिससे छिद्दरवाला चौक स्थित एनएच-72 (हरिद्वार-देहरादून) के हाईवे फेसिंग बाजार की दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है।
उन्होंने चिंता जताई कि इस बाजार में पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर सहित करीब 1200 दुकानें संचालित हैं, जिनकी आजीविका पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।
रावत ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विशेषकर ग्राम प्रधान गोकुल रमोला के सुझावों का हवाला देते हुए मांग की कि प्रस्तावित फ्लाईओवर को स्तंभ आधारित (ओपन) स्वरूप में बनाया जाए और इसकी लंबाई यथासंभव कम रखी जाए, ताकि विकास कार्य और स्थानीय व्यापार के बीच संतुलन बना रहे।
इस पर केंद्रीय मंत्री गडकरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनहित, स्थानीय अर्थव्यवस्था और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर संवेदनशील और संतुलित निर्णय लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों को अब उम्मीद है कि उनकी आजीविका को प्रभावित किए बिना विकास का रास्ता निकाला जाएगा।

उत्तराखंड