खबरें शेयर करें -

इंडियाकोट मल्ला क्षेत्र को पिछड़ा घोषित करने और टकोलीखाल में बैंक खोलने की उठी मांग।
पौड़ी गढ़वाल । इंडियाकोट मल्ला भ्रातृ मंडल समिति ने उत्तराखंड सरकार से जनपद पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल ब्लॉक स्थित इंडियाकोट मल्ला क्षेत्र की बदहाल स्थिति को देखते हुए इसे पिछड़ा क्षेत्र घोषित करने तथा टकोलीखाल में जिला सहकारी बैंक की स्थापना किए जाने की मांग उठाई है। समिति की ओर से मुख्यमंत्री और सहकारिता मंत्री को ज्ञापन भेजकर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया गया है।
समिति के मुख्य संयोजक भक्त दर्शन सिंह नेगी ने कहा कि रिखणीखाल ब्लॉक के टकोलीखाल क्षेत्र से रिखणीखाल तक लगभग 40 से 45 किलोमीटर के दायरे में कोई सरकारी बैंक नहीं है। ग्रामीणों को बैंकिंग कार्यों के लिए रिखणीखाल अथवा देवीखाल तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है। दूरस्थ और जंगलों से घिरे क्षेत्र होने के कारण लोगों को आवागमन में खतरे का सामना भी करना पड़ता है।
ज्ञापन में कहा गया है कि इंडियाकोट मल्ला क्षेत्र आज भी शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। क्षेत्र में न तो कोई डिग्री कॉलेज, आईटीआई अथवा पॉलिटेक्निक संस्थान है और न ही रोजगारपरक प्रशिक्षण केंद्र उपलब्ध हैं। सड़कें जर्जर होने से रोडवेज बसों का संचालन भी नियमित नहीं हो पा रहा है। खेती सिंचाई संसाधनों के अभाव में प्रभावित है, जबकि क्षेत्र में जल संसाधनों की कोई कमी नहीं है।
समिति ने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर होने के बावजूद क्षेत्र पर्यटन और होम-स्टे योजनाओं से भी अछूता है, जिसके कारण पलायन लगातार बढ़ रहा है। ज्ञापन में सरकार से मांग की गई है कि इंडियाकोट मल्ला पट्टी को पिछड़ा क्षेत्र घोषित कर विशेष विकास योजनाएं संचालित की जाएं तथा टकोलीखाल में जिला सहकारी बैंक की स्थापना शीघ्र कराई जाए।
समिति ने उम्मीद जताई है कि सरकार ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगी।

उत्तराखंड