नैनीताल के डॉ. माधव त्रिपाठी को मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी, MCA की हिंदी सलाहकार समिति में गैर-सरकारी सदस्य नामित।
नैनीताल। कारपोरेट कार्य मंत्रालय (MCA) की हिंदी सलाहकार समिति के लिए राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय द्वारा सदस्यों का नामांकन किया गया है। इस क्रम में पार्वती प्रेमा जगाती वरिष्ठ माध्यमिक (पूर्ण आवासीय विद्यालय) नैनीताल के हिंदी विभाग में वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. माधव प्रसाद त्रिपाठी को गैर-सरकारी सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है।
गौरतलब है कि इन समितियों में संबंधित मंत्रालय के मंत्री अध्यक्ष होते हैं। नियमों के अनुसार, राजभाषा विभाग की सहमति के उपरांत ऐसे गैर-सरकारी सदस्यों को नामित किया जाता है जो हिंदी के अच्छे जानकार हों और मंत्रालय के कार्यक्षेत्र से जुड़े हों। समिति का उद्देश्य मंत्रालय के कार्यों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और प्रभावी कार्यान्वयन को लेकर परामर्श देना होता है।
डॉ. त्रिपाठी की इस नियुक्ति को नैनीताल सहित शिक्षा और साहित्य जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
