विकास की नई मिसाल: अरविन्द पांडे के कार्यों से बदली गदरपुर-दिनेशपुर की तस्वीर!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो | प्रमोद बमेटा
उधम सिंह नगर जिले की गदरपुर विधानसभा में विकास की एक अलग ही तस्वीर उभरकर सामने आई है। क्षेत्र के लोकप्रिय नेता और “विकास पुरुष” के रूप में पहचाने जाने वाले अरविन्द पांडे ने शिक्षा, खेल, सड़क, पर्यटन और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य कर एक नई पहचान स्थापित की है।
शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने बड़ा बदलाव लाते हुए उत्तराखंड में NCERT पाठ्यक्रम लागू करवाया, जिससे अमीर और गरीब के बीच शिक्षा का अंतर कम हुआ। साथ ही अटल उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना कर सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई शुरू करवाई, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा का अवसर मिल सका।
खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए उन्होंने उत्तराखंड क्रिकेट बोर्ड के गठन में अहम भूमिका निभाई, जो लंबे समय से लंबित था। इसके अलावा गदरपुर, दिनेशपुर और गुलरभोज में इंडोर और आउटडोर स्टेडियम बनवाकर युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए जयनगर को अलग नगरपालिका बनाने का प्रस्ताव विधानसभा में रखा गया, वहीं जयनगर-दिनेशपुर सड़क का निर्माण कई चरणों में करवाया गया। गदरपुर में चकरपुर अंडरपास का निर्माण कर ट्रैफिक समस्या को काफी हद तक कम किया गया।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गुलरभोज को “13 डिस्ट्रिक्ट, 13 डेस्टिनेशन” योजना में शामिल करवाया गया, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हुए। वहीं बुक्सा जनजाति के आराध्य की प्रतिमा स्थापना और उनके नाम पर डलवाचा स्टेडियम का निर्माण कर सांस्कृतिक पहचान को भी सशक्त किया गया।
सामाजिक क्षेत्र में भी उनकी पहल सराहनीय रही है। गदरपुर में सरकारी हॉस्टल बनवाकर गरीब छात्राओं को निःशुल्क सुविधा दी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अधिकतम घर दिलवाने में क्षेत्र को अग्रणी बनाया, जिसके चलते दिनेशपुर नगरपालिका को 2020 में देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ और प्रधानमंत्री द्वारा इसकी सराहना की गई।
स्वास्थ्य और शिक्षा के विस्तार में गदरपुर में सरकारी डिग्री कॉलेज की स्थापना भी एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। साथ ही, जनता से सीधे संवाद बनाए रखने के लिए वे नियमित रूप से जनता दरबार लगाकर समस्याओं का समाधान करते हैं।
इन तमाम विकास कार्यों के चलते गदरपुर विधानसभा क्षेत्र आज तेजी से आगे बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। स्थानीय जनता का कहना है कि यह तो केवल कुछ उदाहरण हैं, जबकि विकास की यह सूची और भी लंबी है।
