आंचल दूध की बूंद बूंद पर भरोसा, गुणवत्ता की कसौटी पर खरा उतरा आंचल, ग्राहकों के विश्वास पर लगी मुहर!
डेयरी विकास निदेशक ईलागिरी ने निरीक्षण के बाद गुणवत्ता, स्वच्छता और आधुनिक व्यवस्थाओं की कि सराहना, 84 करोड़ के अत्याधुनिक प्लांट को समय पर पूरा करने के दिए निर्देश!
दर्पण न्यूज 24×7 ब्यूरो
प्रमोद बमेटा
लालकुआं।
दूध की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के भरोसे को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का दावा करने वाला नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड एक बार फिर गुणवत्ता की कसौटी पर खरा उतरता दिखाई दिया। गुरुवार को उत्तराखंड डेयरी विकास विभाग की निदेशक ईलागिरी ने आंचल दुग्ध संघ का विस्तृत निरीक्षण किया और दूध संग्रहण से लेकर प्रसंस्करण, गुणवत्ता परीक्षण, पैकेजिंग, भंडारण और विपणन तक की पूरी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने संघ की कार्यप्रणाली, स्वच्छता व्यवस्था और आधुनिक तकनीक आधारित गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली की खुलकर सराहना की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निदेशक को बताया कि दुग्ध उत्पादक किसानों से एकत्रित दूध की हर खेप की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जाती है और गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरने के बाद ही उसे उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाता है। ईलागिरी ने खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन पर संतोष जताते हुए कहा कि उपभोक्ताओं तक शुद्ध एवं सुरक्षित दुग्ध उत्पाद पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और आंचल दुग्ध संघ इस दिशा में बेहतर कार्य कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान निदेशक ने उत्पादन क्षमता, उत्पादों की बढ़ती मांग और भविष्य की विस्तार योजनाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से गुणवत्ता बनाए रखते हुए उत्पादन क्षमता बढ़ाने और उपभोक्ताओं के विश्वास को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
इसके बाद उन्होंने लगभग 84 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण प्लांट का भी निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का परीक्षण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों को परियोजना निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार प्लांट शुरू होने के बाद दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे एक ओर दुग्ध उत्पादक किसानों को बेहतर बाजार मिलेगा तो दूसरी ओर उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाले आंचल उत्पाद अधिक मात्रा में उपलब्ध हो सकेंगे।
निदेशक ने कहा कि आधुनिक तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण और समयबद्ध विकास ही किसी भी डेयरी संस्था की पहचान होते हैं। आंचल दुग्ध संघ इन मानकों पर बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और भविष्य में नई परियोजनाएं इसे और मजबूत बनाएंगी।
इस अवसर पर नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रभारी प्रशासन एवं विपणन संजय सिंह भाकुनी, प्रभारी कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, प्रभारी उपार्जन सुभाष बाबू, प्रभारी अभियंत्रण राजू दुम्का, प्रभारी गुणवत्ता नियंत्रण आर.सी. आर्या, प्रभारी स्टोर खलील अहमद, प्रभारी यातायात पूरन चंद्र मिश्रा, प्रभारी एमआईएस कमलेश कुमार, दिनेश कुलौरा, विपिन तिवारी, कमल गरवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
