11 जुलाई को मानव धर्म आश्रम हल्द्वानी में होगा गुरु पूजन महोत्सव, महात्मा सत्यबोधानंद जी के सत्संग का मिलेगा लाभ!
हल्द्वानी। मानव धर्म आश्रम, हल्द्वानी में 11 जुलाई (शनिवार) को प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक भव्य गुरु पूजन महोत्सव एवं सत्संग समारोह का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर आश्रम परिवार ने हल्द्वानी, काठगोदाम, गोरापड़ाव, बरेली रोड, हल्दूचौड़, मोटाहल्दू, लालकुआं, बिंदुखत्ता, किच्छा, पंतनगर, रुद्रपुर, गूलरभोज, नैनीताल, भीमताल, भवाली, लोहाली, बेतालघाट सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आह्वान किया है।
आयोजकों के अनुसार, लंबे अंतराल के बाद महात्मा सत्यबोधानंद जी का हल्द्वानी आगमन हो रहा है। इस अवसर पर उनके श्रीमुख से आध्यात्मिक प्रवचन एवं सत्संग सुनने का दुर्लभ अवसर श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा। कार्यक्रम में अन्य संत-महात्माओं के आशीर्वचन भी होंगे, जिससे श्रद्धालु आध्यात्मिक ज्ञान एवं गुरु कृपा का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
गुरु पूजन, सत्संग एवं आरती के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद एवं विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया है। आश्रम प्रबंधन ने सभी श्रद्धालुओं से अपने परिचितों, मित्रों एवं परिवारजनों को भी कार्यक्रम की सूचना देकर अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने का अनुरोध किया है।
मानव धर्म आश्रम की प्रबंधक महात्मा जीविका बाई जी ने कहा कि गुरु पूजन महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मिक उन्नति और सद्गुरु की कृपा प्राप्त करने का पावन अवसर है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
