








अवैध शराब तस्करी पर आबकारी का शिकंजा, सोनू सिंह के नेतृत्व में ताबड़तोड़ छापेमारी!
रायपुर-अर्जुनपुर में 170 लीटर कच्ची शराब बरामद, खेतों में छिपाकर रखी थी अवैध शराब
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो | प्रमोद बमेटा
रुद्रपुर। जिले में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने अपना अभियान तेज कर दिया है। जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र बिष्ट के निर्देश पर आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम लगातार छापेमारी कर अवैध शराब के ठिकानों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में 15 अगस्त को रायपुर-अर्जुनपुर क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई के दौरान खेतों में छिपाकर रखी गई करीब 170 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
आबकारी विभाग की क्षेत्र-एक रुद्रपुर टीम और जनपदीय प्रवर्तन दल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए खेतों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दो ट्यूबों में करीब 110 लीटर तथा दो कपड़े के थैलों में लगभग 60 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। टीम ने शराब को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज किया है।
कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग ने अवैध शराब के संभावित ठिकानों पर गहन तलाशी ली। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। आबकारी अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
शहर की गलियों में भी बिक्री पर सवाल
एक ओर आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर अवैध कच्ची शराब की बरामदगी कर रहा है, वहीं दूसरी ओर रुद्रपुर शहर की कई गलियों और आबादी वाले क्षेत्रों में कच्ची शराब की कथित उपलब्धता पर सवाल भी उठ रहे हैं। कार्रवाई के बावजूद यदि अवैध शराब उपभोक्ताओं तक पहुंच रही है तो इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क की पहचान कर उस पर प्रभावी कार्रवाई करना बड़ी चुनौती है।
ऐसे में आबकारी विभाग की लगातार छापेमारी से यह संकेत जरूर मिल रहा है कि विभाग अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए सक्रिय है। अब निगाह इस बात पर रहेगी कि ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहर के उन इलाकों में भी विभाग कितनी प्रभावी कार्रवाई करता है, जहां अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें सामने आती रहती हैं।
यह टीम रही कार्रवाई में शामिल
कार्रवाई आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में उप आबकारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार, विजेंद्र जीना, प्रधान आबकारी सिपाही विकास रावत तथा आबकारी सिपाही राजेंद्र, वीरेंद्र, मंजू, राखी और बलजीत शामिल रहे।
इधर आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह के अनुसार अवैध शराब के खिलाफ अभियान को आगे भी जारी रखते हुए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जाएगी।
