किच्छा शुगर कंपनी की 53वीं एजीएम में किसानों को मिला भरोसा, सर्वसम्मति से पास हुए 2024–25 के लेखे।
किच्छा।
किच्छा शुगर कंपनी लिमिटेड की 53वीं वार्षिक साधारण बैठक (एजीएम) सोमवार को कंपनी के गेस्ट हाउस में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता चौधरी सत्येन्द्र सिंह ने की। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2024–25 के वार्षिक लेखों को प्रस्तुत किया गया, जिन्हें उपस्थित अंशधारकों ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की।
बैठक के उपरांत आयोजित कृषक गोष्ठी में क्षेत्र के किसानों ने गन्ना आपूर्ति, भुगतान, तकनीकी समस्याओं एवं अन्य मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। अधिशासी निदेशक ए.पी. बाजपेयी ने किसानों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
एजीएम में मिल के प्रभारी मुख्य अभियंता डी.सी. पाण्डे, प्रभारी मुख्य रसायनज्ञ आशीष कुमार त्रिवेदी, प्रभारी मुख्य लेखाकार संजय कुमार पाण्डेय, प्रभारी गन्ना प्रबंधक ऋषिपाल सिंह, कंपनी सचिव आस्था मोहन सहित किच्छा व हल्द्वानी गन्ना समिति के सचिव भी उपस्थित रहे।
बैठक में सम्मानित कृषकों में गणेश उपाध्याय, प्रताप सिंह, प्रशांत रघुवंशी, ऊषा सिंह, सुधीर कुमार शाही, वीरेश्वर सिंह, जगदीश सिंह, सुरेश पपनेजा, अली हुसैन, मोहम्मद यासीन, मोहम्मद ताहिर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
