खबरें शेयर करें -

सुरक्षित कीटनाशक उपयोग को लेकर निकाली जागरूकता रैली!
किसानों को स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो देहरादून। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के कृषि संकाय द्वारा ग्रीन पहाड़ी फाउंडेशन के सहयोग से जन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य किसानों को सुरक्षित कीटनाशक उपयोग एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
रैली में शामिल छात्र-छात्राओं और विशेषज्ञों ने विभिन्न नारों के माध्यम से किसानों को संदेश दिया कि कीटनाशकों का उपयोग सावधानीपूर्वक करें और अपने स्वास्थ्य की रक्षा को प्राथमिकता दें। रैली के दौरान “सुरक्षित किसान, स्वस्थ किसान”, “कीटनाशक का सही उपयोग, जीवन रहेगा सुरक्षित” जैसे संदेश प्रमुख रूप से दिए गए।
इस दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि बिना सुरक्षा उपकरणों के कीटनाशकों का उपयोग गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। किसानों को मास्क, दस्ताने और उपयुक्त वस्त्र पहनकर ही छिड़काव करने की सलाह दी गई। साथ ही, दवाओं की उचित मात्रा और दिशा-निर्देशों का पालन करने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए खाली कीटनाशक डिब्बों का सुरक्षित निस्तारण जरूरी है। इसके अलावा जैविक खेती को बढ़ावा देने और रासायनिक दवाओं के सीमित उपयोग की अपील की गई।
आयोजकों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान किसानों के स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों की सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक हैं। रैली के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया, जिसे लोगों ने सराहा।

उत्तराखंड