खबरें शेयर करें -

कालाढूंगी में बुक सेलरों व स्कूलों पर छापा, अनियमितताएं उजागर!
निर्धारित दर से अधिक वसूली और एनसीईआरटी के अलावा किताबें बेचने की शिकायत पर कार्रवाई!
दर्पण न्यूज 24/7 कालाढूंगी । जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर गुरुवार को प्रशासन ने कालाढूंगी क्षेत्र में बुक सेलरों और विद्यालयों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। उपजिलाधिकारी बिपिन चंद्र पंत के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने अभिभावकों से मिल रही शिकायतों के आधार पर कई दुकानों और स्कूलों का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान सामने आया कि कुछ बुक सेलर निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर रहे हैं। कालाढूंगी स्थित अजंता बुक डिपो पर एनसीईआरटी की किताबें तो मिलीं, लेकिन स्कूल ड्रेस बिना मोनोग्राम के पाई गईं। वहीं भंडारी बुक डिपो और आनंद बुक डिपो पर विभिन्न स्कूलों के मोनोग्राम वाली ड्रेस बिकती मिली।
सबसे ज्यादा अनियमितता सुमसन क्लॉथ हाउस में सामने आई, जहां पांच निजी स्कूलों के मोनोग्राम वाली ड्रेस बेची जा रही थीं। दुकानदार स्कूल ड्रेस बेचने के लिए कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और ड्रेस पर निर्धारित मूल्य भी अंकित नहीं पाया गया।
इसके अलावा कालाढूंगी बंदोबस्ती स्थित कैमरेड्री पब्लिक स्कूल का भी निरीक्षण किया गया, जहां राहत की बात यह रही कि एनसीईआरटी के अतिरिक्त कोई अन्य किताब नहीं पाई गई।
उपजिलाधिकारी बिपिन चंद्र पंत ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। यदि किसी अभिभावक से अधिक वसूली या नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलती है, तो संबंधित बुक सेलर या विद्यालय के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान थाना प्रभारी अरुण कुमार सैनी समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी अशोक कुमार सिंह, पूजा सूठा, विदुषी रजवार और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

उत्तराखंड