खबरें शेयर करें -

15 फरवरी से फायर सीजन शुरू, हल्द्वानी वन प्रभाग अलर्ट मोड पर!
वन विभाग–फायर सर्विस का संयुक्त प्रशिक्षण, मॉक ड्रिल से होगी तैयारी!
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता हल्द्वानी। आगामी 15 फरवरी से फायर सीजन की शुरुआत होने जा रही है। जंगलों में लगने वाली आग को नियंत्रित करना हर साल वन विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती बनता है। इसी को देखते हुए हल्द्वानी वन प्रभाग ने पहले से ही फायर कंट्रोल को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। आने वाले दिनों में आग से निपटने के लिए मॉक ड्रिल भी आयोजित की जाएंगी।
आज हल्द्वानी वन प्रभाग में वन विभाग के कर्मचारियों और हल्द्वानी फायर सर्विस के बीच संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कर्मचारियों को जंगलों में आग पर प्रारंभिक स्तर पर काबू पाने, आग की सूचना तुरंत मास्टर कंट्रोल रूम तक पहुंचाने और फायर सर्विस के पहुंचने तक आग को फैलने से रोकने के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में जंगल की आग बुझाने की कार्यप्रणाली, आदेश प्रणाली (कमांड सिस्टम), फर्स्ट एड तथा मेडिकल किट के उपयोग की भी विस्तार से जानकारी दी गई। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की स्थिति में किस तरह टीम वर्क के साथ सुरक्षित तरीके से कार्य किया जाए।
इस अवसर पर एसडीओ फॉरेस्ट ने कहा कि जंगलों में आग की घटनाओं को रोकने के लिए ग्रामीणों और वन कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आग की रोकथाम में ग्रामीणों की सहभागिता बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से गांव-गांव जाकर चौपालों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि लोगों में जंगलों में आग लगने को लेकर जागरूकता बढ़ाई जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि आग की घटनाओं के दौरान रिस्पांस टाइम कम से कम रखने के लिए सभी वन कर्मचारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

उत्तराखंड