








ग्राम किशनपुर बकुलिया में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर दी सलाह!
हल्दूचौड़। राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी के सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से बुधवार को ग्राम किशनपुर स्कुलिया-बकुलिया में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य एवं चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ ग्राम प्रधान पुष्पा जोशी ने किया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर का लाभ उठाया। मरीजों की विभिन्न प्रकार की जांच के साथ रक्त की जांच भी की गई, जिसमें रक्त शर्करा (शुगर), हीमोग्लोबिन आदि की जांच शामिल रही।
स्वास्थ्य शिविर में जांच कराने पहुंचे मरीजों को चिकित्सकों द्वारा उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुसार आवश्यक सलाह दी गई। साथ ही सभी मरीजों को निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
शिविर में डॉ. आशुतोष मिश्रा, डॉ. श्रुति, डॉ. उमेर, डॉ. आदिति असवाल, डॉ. शिवाय, गणेश सिंह रावत, एपी सिंह, गौरव पंतोला, दीपा पंत और आनन्दी सहित मेडिकल कॉलेज की टीम के सदस्य मौजूद रहे। ग्रामीणों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई।
