खबरें शेयर करें -

गौला रेंज टीम ने आतंक के पर्याय बने अजगर का सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू!
बिंदुखत्ता के संजय नगर द्वितीय में लंबे समय से खौफ का कारण बना था विशालकाय अजगर!
दर्पण न्यूज 24/7 | लालकुआं (नैनीताल)।
लंबे समय से आतंक का पर्याय बन चुका विशालकाय अजगर आखिरकार वन विभाग की मुस्तैद टीम के हाथों पकड़ा गया। गौला रेंज अंतर्गत लालकुआं के संजय नगर द्वितीय स्थित बिंदुखत्ता गांव में अजगर का खौफ लंबे समय से ग्रामीणों के बीच भय का माहौल बना रहा था।
ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर गौला रेंज के अनुभाग अधिकारी शंकर दत्त पनेरू तथा वन बीट अधिकारी बलवंत सिंह खाती अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए विशालकाय अजगर को सुरक्षित तरीके से कब्जे में ले लिया।
अजगर के पकड़े जाने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, उच्चाधिकारियों की अनुमति के बाद अजगर को सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा, ताकि मानव और वन्यजीवों के बीच टकराव की आशंका न रहे।
इधर, साहसिक रेस्क्यू कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम की प्रशंसा करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।