कार्बेट में ‘ट्री एडवेंचर’ करता दिखा टाइगर!
ढिकाला रेंज में पेड़ पर चढ़ा बाघ, पर्यटकों को दिए रोमांचक पोज
दुर्लभ नजारे ने बनाई सफारी यादगार!
रामनगर।
कार्बेट टाइगर रिजर्व की ढिकाला रेंज में सफारी पर निकले पर्यटकों को उस वक्त रोमांचक सरप्राइज मिला, जब जंगल का राजा कहे जाने वाला बाघ जमीन पर नहीं, बल्कि साल के एक ऊंचे पेड़ पर बैठा नजर आया। शिकार की तलाश में पेड़ पर चढ़े बाघ ने कुछ देर तक पर्यटकों को रोमांचित करते हुए कैमरों के सामने बेफिक्र पोज दिए, जिससे उनकी सफारी जिंदगी भर की याद बन गई।
ढिकाला पर्यटन जोन में भ्रमण कर रहे पर्यटकों की नजर जैसे ही पेड़ की ऊंचाई पर बैठे बाघ पर पड़ी, जंगल में उत्साह और हैरानी का माहौल बन गया। किसी ने कैमरा ऑन किया तो किसी ने मोबाइल निकाल लिया और यह दुर्लभ दृश्य देखते ही देखते वीडियो में कैद हो गया। ऊंचाई से नीचे झांकता बाघ मानो अपने इलाके पर निगरानी रख रहा हो।
नेचर गाइड मोहम्मद नफीस ने बताया कि आमतौर पर तेंदुए पेड़ों पर चढ़ते नजर आते हैं, लेकिन बाघ का इस तरह साल के पेड़ पर चढ़ना कार्बेट में बेहद कम देखने को मिलता है। बाघ कुछ देर तक पेड़ पर रुका, आसपास नजर दौड़ाई और फिर शांति से नीचे उतरकर घने जंगल में ओझल हो गया।
कार्बेट टाइगर रिजर्व देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में बाघों की मजबूत मौजूदगी के लिए जाना जाता है। यहां बाघों के अलावा हाथी, हिरण, घड़ियाल, मगरमच्छ, सरीसृप और सैकड़ों प्रजातियों के पक्षी व विविध जलीय जीव पाए जाते हैं। बावजूद इसके, हर पर्यटक की सबसे बड़ी ख्वाहिश बाघ की एक झलक पाने की ही होती है।
इस ‘टाइगर ट्री एडवेंचर’ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कार्बेट का जंगल हर दिन कोई न कोई नया रोमांच पेश करता है। प्रकृति के इस दुर्लभ और अप्रत्याशित नजारे ने न सिर्फ पर्यटकों को रोमांचित किया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी जंगल प्रेमियों के बीच खासा आकर्षण पैदा कर दिया है। कार्बेट में सफारी करने वालों के लिए यह दृश्य निश्चय ही एक लाइफटाइम मोमेंट बन गया।
— रामनगर संवाददाता, करन तिवारी
