खबरें शेयर करें -

पंचायत राज अधिनियम में ऐतिहासिक पहल, गौनिया व भट्ट ने जताया आभार।
हल्दूचौड़ । उत्तराखंड में पंचायत व्यवस्था को और अधिक लोकतांत्रिक, पारदर्शी एवं जनसरोकारों से जोड़ने की दिशा में सरकार द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण कदम को लेकर समाजसेवी हेमंत सिंह गौनिया एवं गोविंद बल्लभ भट्ट ने आभार व्यक्त किया है। दोनों समाजसेवियों ने लालकुआं तहसीलदार के माध्यम से पंचायती राज मंत्री सतपाल महाराज को धन्यवाद पत्र प्रेषित किया।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि 13 मई 2025 को पंचायत राज अधिनियम में आवश्यक संशोधन किए जाने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख के चुनाव सीधे जनता द्वारा कराए जाने की मांग की गई थी। इस मांग पर शासन स्तर पर की गई कार्रवाई का भी पत्र में उल्लेख किया गया है।
बताया गया कि शासन द्वारा जारी पत्र के माध्यम से इस विषय को पंचायती राज निदेशक उत्तराखंड को आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया। इसके बाद 28 जनवरी 2026 को एक प्रमुख समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार राज्य सरकार ने इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेते हुए ठोस पहल की है और शीघ्र स्वीकृति की संभावना जताई गई है।
समाजसेवियों का कहना है कि जिला पंचायत अध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख का चुनाव सीधे जनता द्वारा कराए जाने से लोकतांत्रिक व्यवस्था और मजबूत होगी, पारदर्शिता बढ़ेगी तथा पंचायत स्तर पर भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगेगा। उन्होंने इसे सेउत्तराखंड के पंचायती राज के इतिहास में जनहित से जुड़ा एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए राज्य सरकार एवं पंचायती राज मंत्री का आभार व्यक्त किया।