खबरें शेयर करें -

भक्ति और श्रद्धा के संग हल्द्वानी में गूंजा शिव नाम, दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की भव्य कलश यात्रा!
हल्द्वानी | दर्पण न्यूज 24/7
दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के तत्वावधान में भगवान शिव कथामृत कार्यक्रम के अंतर्गत एम.बी. ग्राउंड परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। मंत्रोच्चार और वैदिक विधियों के बीच श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर भगवान शिव से लोककल्याण, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धा और भक्ति भाव से ओतप्रोत भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे नगर को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। भक्तों के जयघोष और शिव नाम के उच्चारण से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा एम.बी. ग्राउंड से प्रारंभ होकर नवाबी रोड, जेल रोड चौराहा, कालू सिद्ध बाबा मंदिर, तिकोनिया और कॉलेज रोड होते हुए पुनः एम.बी. ग्राउंड में संपन्न हुई। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
आयोजकों ने बताया कि भगवान शिव कथामृत जैसे आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में सद्भाव, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। संस्थान की ओर से जानकारी दी गई कि 28 जनवरी से 4 फरवरी तक शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रतिदिन श्रद्धालु कथा श्रवण का लाभ ले सकेंगे।
इस पावन अवसर पर हल्द्वानी नगर निगम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट, नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड लालकुआँ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, महाराज स्वामी उमेशानंद, कथावाचक सर्वेश्वर, संस्थान से जुड़े संत-महात्मा, मातृशक्ति सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

या फ

उत्तराखंड