खबरें शेयर करें -

हाईवे किनारे मटन-चावल की दुकान पर जीएसटी का शिकंजा, 50 लाख से अधिक टर्नओवर का खुलासा
12 जून तक पंजीकरण नहीं कराया तो होगी कार्रवाई, राज्य कर विभाग की जांच में सामने आई बड़ी अनियमितता!
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता, नैनीताल!
हल्द्वानी-नैनीताल हाईवे पर नयना गांव के समीप स्थित प्रसिद्ध मटन-चावल की दुकान अब राज्य कर विभाग के रडार पर आ गई है। विभागीय जांच में खुलासा हुआ है कि दुकान का वार्षिक कारोबार 50 लाख रुपये से अधिक है, लेकिन संचालक ने अब तक जीएसटी पंजीकरण नहीं कराया है। विभाग ने दुकान स्वामी को 12 जून तक जीएसटी में पंजीकरण कराने का अंतिम अवसर दिया है, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पर्यटकों, स्थानीय लोगों और सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच लोकप्रिय इस मटन-चावल केंद्र की बिक्री को लेकर हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में दावा किया गया था कि दुकान में प्रतिदिन तीन बकरों के मांस के साथ बड़ी मात्रा में चावल की बिक्री होती है। वायरल वीडियो ने राज्य कर विभाग का ध्यान आकर्षित किया, जिसके बाद विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
राज्य कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर प्रकाश त्रिवेदी के नेतृत्व में की गई जांच में पाया गया कि दुकान का वार्षिक टर्नओवर जीएसटी पंजीकरण की निर्धारित सीमा से कहीं अधिक है। बावजूद इसके, संचालक ने अब तक जीएसटी नंबर नहीं लिया है और न ही कर जमा किया जा रहा है।
असिस्टेंट कमिश्नर प्रकाश त्रिवेदी ने बताया कि दुकान स्वामी को शीघ्र जीएसटी पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। यदि निर्धारित तिथि तक अनुपालन नहीं किया गया तो जीएसटी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। जांच टीम में शैलेंद्र आगरी, मोहित चौहान और कैलाश जोशी भी शामिल रहे।
सोशल मीडिया से शुरू हुई जांच
दिलचस्प बात यह है कि एक वायरल वीडियो में दुकान की भारी बिक्री का दावा सामने आने के बाद विभाग सक्रिय हुआ। सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी यह दुकान अब कर विभाग की कार्रवाई के चलते भी सुर्खियों में आ गई है। विभाग का मानना है कि बढ़ते कारोबार के बावजूद कर नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।