खबरें शेयर करें -

एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तेज किया जनजागरूकता अभियान।

दर्पण न्यूज 24/7 नैनीताल। एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने और वैक्सीन से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपांकर डेनियल ने कम्युनिटी मोबिलाइजर, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, एएनएम और आशा फैसिलिटेटरों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर और समुदाय स्तर पर लोगों से संवाद स्थापित कर एचपीवी वैक्सीन के महत्व की जानकारी दें। विशेष रूप से अभिभावकों और किशोरियों को वैक्सीन से संबंधित प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने तथा उनकी शंकाओं और भ्रांतियों का समाधान करने पर जोर दिया गया।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपांकर डेनियल ने कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर समुदाय में जागरूकता बढ़ाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से लगातार जनसंवाद स्थापित करने और लोगों को प्रमाणिक स्वास्थ्य जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन को लेकर किसी भी अफवाह या भ्रांति पर ध्यान नहीं देना चाहिए। अभिभावकों को अपने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए सही जानकारी प्राप्त कर समय पर निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी निर्णय के लिए सोशल मीडिया अथवा अपुष्ट स्रोतों के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या स्वास्थ्यकर्मी से जानकारी लेना उचित है।

उन्होंने कहा कि आज की जागरूकता बेटियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव है। अभिभावकों को सुनी-सुनाई बातों और अफवाहों के आधार पर निर्णय लेने के बजाय प्रमाणिक जानकारी पर भरोसा करना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर व्यापक अभियान चलाकर अधिक से अधिक अभिभावकों तक सही जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक मदन मेहरा, कम्युनिटी मोबिलाइजर सरयू नंदन जोशी, दीवान बिष्ट, बसंती, किरण, दीपा और मंजू लोहनी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।