खबरें शेयर करें -

चंपावत के खर्कबगड़ गांव में दिल दहला देने वाला हत्याकांड, पूर्व विधायक के चचेरे भाई की धारदार हथियार से हत्या!
दर्पण न्यूज 24/7 | चम्पावत
चम्पावत जिले के बिस्ज्यूला क्षेत्र अंतर्गत खर्कबगड़ गांव में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। गांव में रहने वाले 83 वर्षीय बुजुर्ग अंबादत्त खर्कवाल की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल के चचेरे भाई बताए जा रहे हैं। घटना के बाद से गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे आरोपी सुभाष खर्कवाल दराती और फावड़ा लेकर अंबादत्त खर्कवाल के घर पहुंचा। उस समय बुजुर्ग घर के आंगन में अकेले थे। आरोपी ने अचानक उन पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अंबादत्त घटना से कुछ समय पहले ही टनकपुर से अपने गांव लौटे थे।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उसे दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाल बची सिंह बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
मृतक अंबादत्त खर्कवाल अपने छोटे बेटे संजय के साथ गांव में रहते थे, जबकि बड़ा बेटा सुरेश टनकपुर में कार्यरत है। पत्नी के निधन के बाद बुजुर्ग अधिकतर समय घर पर ही रहते थे। घटना के वक्त घर में किसी अन्य सदस्य के मौजूद न होने का फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। पूर्व विधायक के परिवार से जुड़ा मामला होने के चलते खबर फैलते ही गांव में भारी भीड़ जमा हो गई और लोग स्तब्ध नजर आए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की मानसिक स्थिति की भी जांच कराई जाएगी और पूरे मामले की गहन विवेचना के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उत्तराखंड